ब्लू व्हेल के निशाने पर PAK नौजवान

Sunday, Oct 01, 2017 - 11:40 AM (IST)

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में विवादास्पद ‘ब्लूवेल चैलेंज’ के तहत हथियार और चाकुओं से अपने हाथों पर काटने के निशान बनाने वाली दो छात्राओं को कालेज से निष्कासित कर दिया गया है।  


लाहौर से 300 किलोमीटर दूर पिंड ददन खान झेलम में राजकीय बालिका डिग्री कालेज के प्रशासन ने कल इंटरमीडिएट की दो छात्राओं को कालेज से निष्कासित कर दिया।कालेज प्रशासन ने यह कार्रवाई यह देखने के बाद की कि छात्राओं ने अपने हाथों पर जख्म के निशान बनाए थे।  


कालेज प्राचार्य रहीला चांदनी ने कहा,‘‘कालेज के कुछ छात्राओं ने प्रशासन से शिकायत की थी कि दोनों छात्राओं ने चाकुओं से अपने हाथों पर व्हेल बनाई हैं। यह संदेह था कि ब्लू व्हेल गेम के अंतिम स्तर पर पहुंचने के बाद वे आत्महत्या कर सकती हैं।’’ उन्होंने कहा कि कालेज प्रशासन ने लड़कियों को बुलाया ताकि उनसे उनके अभिभावकों के साथ सवाल किया जा सके।

उन्होंने कहा,‘‘हमने लड़कियों को तब निष्कासित कर दिया जब उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने हाथ पर जख्म खतरनाक खेल खेलते हुए बनाए हैं। हमने उनके अभिभावकों से भी कहा कि वे अपनी पुत्रियों पर नजर रखें।’’ उन्होंने कहा कि लड़कियों को निष्कासित करने का निर्णय कालेज की अन्य छात्राओं को इससे प्रभावित होने से बचाने के लिए किया गया।ऐसी जानकारी मिली है कि दोनों लड़कियों में से एक लड़की इस खतरनाक खेल में लेवल 18 पर जबकि दूसरी लेवल 22 पर थी।  
 
 

Advertising