नस्ली हमलों की शिकार हुई टीवी प्रजेंटर, शेयर किया भावुक वीडियो

Friday, Sep 07, 2018 - 02:22 PM (IST)

ब्रसेल्सः बेल्जियम के सरकारी टेलीविजन पर मौसम भविष्यवाणी प्रस्तुत करने वाली एक अश्वेत महिला ने टीवी पर आने के बाद से अपने साथ लगातार हुए नस्ली भेदभाव को खत्म करने का आह्वान करते हुए एक भावुक वीडियो पोस्ट की जो तेजी से वायरल हो गई। फेसबुक पर गुरूवार को पोस्ट की पांच मिनट की वीडियो को मिनटों में ही पांच लाख लोगों ने देखा। सेसिल जुंगा ने कहा कि उसने हमलों का जवाब देने का फैसला किया क्योंकि लोग सोचते हैं कि बेल्जियम में नस्लवाद नहीं है।

फ्रांसीसी भाषा के सरकारी प्रसारणकर्ता आरटीबीएफ पर मौसम भविष्यवाणी पढऩे वाली जुंगा ने कहा कि यह सच नहीं है। ‘अपने देश वापस लौटने’ के लिए कहना मजाक नहीं है। मैं बेल्जियाई हूं। मैं अपने देश में ही हूं। जुंगा ने कहा कि उनकी चमड़ी के रंग के कारण उनके साथ भेदभाव किया गया। कई अन्य लोगों ने विद्वेषपूर्ण ऑनलाइन हमले किए। 

जुंगा कॉमेडियन भी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मोटे हैं, मुस्लिम हैं, अरब के हैं, कुछ लोग भूरे हैं सोशल मीडिया पर किसी को भी निशाना बनाया जा सकता है, इसे रोकना होगा। ऑनलाइन प्रताडऩा सच में आप पर असर डालती है।’ आरटीबीएफ के प्रमुख जीन पॉल फिलीपॉट ने कहा कि प्रसारणकर्ता जुंगा का समर्थन करता है और उनके साथ हुए बर्ताव से आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि नस्लवाद अपराध है। बेल्जियम में कानून के अनुसार यह दंडनीय है।         
 

Isha

Advertising