ट्रंप की प्रवासियों को धमकी, अगर आप पथराव करेंगे तो सेना चला सकती है गोलियां

Friday, Nov 02, 2018 - 11:58 AM (IST)

वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवासियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे अवैध प्रवासियों को अब सीमा पर पकड़ लिया जाएगा और उन्हें रिहा नहीं किया जाएगा वहीं, ट्रंप ने कहा कि अमरीका की ओर बढ़ रहा काफिला अगर सैनिकों पर पथराव करता है तो सेना उन पर गोलियां चला सकती है। अवैध प्रवासियों के लिए पकड़ो और रिहा करो की नीति में अहम बदलाव की घोषणा करते हुए ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी अदालत द्वारा उनकी शरण की अर्जी पर फैसला सुनाने के बाद ही उन्हें रिहा किया जाएगा।

अगर फैसला उनके पक्ष में नहीं आता तो उन्हें उनके मूल देश भेज दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि हम अपने देश में अब उन्हें रिहा नहीं करने जा रहे हैं। उन्हें लंबा इंतजार करना होगा। हम बड़े शहरों को छावनी में तब्दील कर रहे हैं, सेना अछ्वुत तरीके से हमारी मदद कर रही है। राजनीतिक रूप से अहम मध्यावधि चुनाव से पहले नीति को लेकर यह भाषण तब दिया गया है जब ऐसा अनुमान है कि तीन लातिन अमेरिकी देशों अल साल्वाडोर, होंडुरास और ग्वाटेमाला से 5,000-7,000 के बीच प्रवासियों का काफिला अमरीका की ओर बढ़ रहा है।

ट्रंप ने उन्हें रोकने के लिए दक्षिण-पश्चिम सीमा पर सेना तैनात की है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रवासियों का बड़ा काफिला हमारी दक्षिणी सीमा की ओर बढ़ रहा है। कुछ लोग इसे आक्रमण कहते हैं। यह आक्रमण की तरह है। उन्होंने हिंसक तरीके से मेक्सिको सीमा पार की। दो दिन पहले आपने यह देखा। ट्रंप ने कहा कि ऐसे काफिलों को घुसने नहीं दिया जाएगा और उन्हें वापस लौट जाना चाहिए क्योंकि ‘वे अपना समय बर्बाद’ रह रहे हैं। 

Isha

Advertising