डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर बड़ा सवाल, क्या है उनकी असल बीमारी? जानिए सब कुछ

punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 03:40 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर बहुत चर्चा हुई है। वे करीब एक हफ्ते से मीडिया से दूर थे, जिससे उनकी तबियत को लेकर अटकलें तेज हो गईं। कई रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ट्रंप को गंभीर बीमारी हो सकती है। लेकिन व्हाइट हाउस ने उनके स्वस्थ होने का दावा किया है। आइए समझते हैं ट्रंप की सेहत के बारे में चल रही खबरों की सच्चाई, उनकी बीमारी, और क्या है इसका असर।
पिछले 7 दिन तक डोनाल्ड ट्रंप मीडिया और जनता से गायब रहे। उनका नजर न आना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया। ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब कोई राजनीतिक नेता अचानक कई दिनों तक सामने नहीं आता। ट्रंप के गायब रहने की वजह पर कई तरह की बातें हो रही थीं। कुछ लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई तो कुछ ने कहा कि वे मीडिया से दूरी बनाए रखना चाहते थे।

ट्रंप की बीमारी क्या है?

ट्रंप की सेहत को लेकर एक अहम खबर यह भी है कि वे 'क्रॉनिक वेनस इंसफिशिएंसी' नामक बीमारी से पीड़ित हैं। यह एक नसों की बीमारी है जिसमें पैरों और हाथों की नसों में खून का सही प्रवाह नहीं होता। इस वजह से सूजन और त्वचा पर नीले-काले निशान बन जाते हैं। ट्रंप के हाथ और पैर सूजे हुए दिखे, जो इस बीमारी का संकेत माना गया। व्हाइट हाउस ने बताया कि यह बीमारी बहुत गंभीर नहीं है और उम्र बढ़ने की वजह से हो सकती है। इसके अलावा ट्रंप एस्पिरिन लेते हैं, जो दिल की बीमारी से बचाव के लिए होता है, इससे भी सूजन हो सकती है।

ट्रंप के बयान से बढ़ी चिंताएं

हाल ही में ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा बयान दिया, जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति पुतिन से उनके अच्छे संबंध हैं, जो सही नहीं था। इस तरह के बयान से लोगों ने ट्रंप की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए। विशेषज्ञों का कहना है कि यह संकेत हो सकता है कि ट्रंप को 'फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया' नामक बीमारी के लक्षण दिख रहे हैं। यह दिमाग की एक ऐसी बीमारी है, जिसमें याददाश्त और सोचने की क्षमता कमजोर हो जाती है। ट्रंप के पिता को भी इसी बीमारी से जूझना पड़ा था और वे इस वजह से 1991 में चल बसे थे।

फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया क्या है?

फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया एक दिमागी बीमारी है, जिसमें दिमाग के आगे और किनारों के हिस्से प्रभावित होते हैं। इसके कारण व्यक्ति की सोचने समझने की क्षमता, भाषा और व्यवहार में बदलाव आने लगते हैं। यह बीमारी खासकर उम्रदराज लोगों में देखी जाती है। ट्रंप के पिता इसी बीमारी का शिकार थे, इसलिए परिवार में इसका इतिहास भी है। व्हाइट हाउस ने इस बात से इनकार किया है कि ट्रंप को इस तरह की कोई मानसिक बीमारी है। वे कहते हैं कि ट्रंप पूरी तरह स्वस्थ हैं।

ट्रंप की उम्र और वजन का असर

डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही 80 साल के होने जा रहे हैं। उनकी उम्र के साथ कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां आ सकती हैं। ट्रंप का वजन करीब 110 किलो है, जो उनके लिए एक चुनौती भी है। अधिक वजन से दिल, नसों और अन्य अंगों पर दबाव बढ़ता है। विशेषज्ञों का कहना है कि उम्र और वजन दोनों मिलकर उनकी सेहत पर असर डाल सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News