ट्रंप ने श्रीलंका धमाकों को लेकर किया ऐसा ट्वीट, सोशल मीडिया पर मिल रही फटकार

Monday, Apr 22, 2019 - 10:12 AM (IST)

वाशिंगटनः अक्सर अपनी गलत बयानबाजी और गड़बडिय़ों को लेकर चर्चा में रहने वाले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर बड़ी गलती की और कहा कि श्रीलंका में हुए विस्फोटों में ‘13.8 करोड़ लोगों की मौत’ हो गई जबकि श्रीलंका की कुल आबादी 2.17 करोड़ है। उनके इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर बवालमच गया और लोग उनका जमकर मजाक उड़ा रहे हैं।

ट्रंप ने ट्वीट कर श्रीलंका के लोगों के साथ संवेदना जताई और कहा कि अमरीका उन्हें मदद देने के लिए तैयार है। उन्होंने विस्फोटों में 138 लोगों की मौत होने के बदले गलती से 13.8 करोड़ लोग लिख दिया। ट्रंप का यह ट्वीट करीब 20 मिनट बाद हटा लिया गया लेकिन यह ट्वीट लोगों की नजर से नहीं बच सका और लोग इसका मजाक उड़ाने लगे। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'आप मृतकों की संख्या में संशोधित कर सकते हैं। सब कुछ लाखों में ही नहीं मापा जाता है...'

ट्रंप के एक फॉलोवर ने कहा, '13.8 करोड़? आपको तथ्यों का इंतजार करना चाहिए था।' एक अन्य ने ट्वीट किया, 'हमारी आबादी 2 करोड़ है. 13.8 करोड़ गणितीय रूप से असंभव है। आप अपनी बेकार संवेदनाएं अपने पास रखिए। हमें इसकी जरूरत नहीं है।' श्रीलंका की कुल आबादी 2.17 करोड़ है। डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी कई बार गलत ट्वीट कर चुके हैं।

Tanuja

Advertising