खबर को लेकर मीडिया पर भड़के ट्रंप, कहा लाइसेंस होगा रद्द

Thursday, Oct 12, 2017 - 01:45 PM (IST)

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी परमाणु नीति पर दिखाए गए एक समाचार को लेकर भड़क गए। उन्होंने कहा कि, सभी बड़े अमेरिकी समाचार नेटवर्कों द्वारा फर्जी खबरों का प्रसारण करने पर उनके लाईसेंस रद्द कर देंगे। ट्रंप ने उन सभी पर फर्जी समाचार का प्रचार-प्रसार करने आरोप लगाया है।  ट्रंप और उनके सहयोगियों ने मीडिया की इन संवेदनशील रिपोर्टों को गलत बताने के लिए बार-बार फर्जी खबरें शब्द का इस्तेमाल किया है। इन्हें गलत बताने के लिए फिलहाल कोई सबूत उपलब्ध नहीं कराए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति, एनबीसी न्यूज की उस रिपोर्ट से नाराज थे जिसमें कहा गया था कि, ट्रंप अपने परमाणु हथियारों में दस गुणा बढ़ोतरी चाहते हैं। ट्रंप ने इस समाचार को बनावटी बताया। उन्होंने कहा,एनबीसी और अन्य माध्यमों से आ रही सभी फर्जी खबरों को देखते हुए क्या उनके लाइसेंस को चुनौती देना उचित रहेगा? यह देश के लिए बुरा है।

ट्रंप ने कल रात एक ट्वीट में लिखा कि, समाचार नेटवर्क इतने पक्षपातपूर्ण, विकृत और फर्जी हो गए हैं कि उनके लाइसेंसों को चुनौती देनी होगी और उचित लगने पर रद्द भी करना होगा। उन्होंने कहा कि यह खबर असत्य है कि वह परमाणु हथियारों में वृद्धि चाहते हैं।

 

Advertising