ट्रंप ने की सीरिया हमले की निंदा, कहा जल्द लिया जाएगा इस संबंध में निर्णय

Tuesday, Apr 10, 2018 - 10:04 AM (IST)

वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया में नागरिकों पर संदिग्ध रासायनिक हथियारों के हमले की निंदा करते हुए 48 घंटों के भीतर इस पर एक निर्णय लेने का वादा किया है।   ट्रंप ने अपने कैबिनेट सहयोगियों से कहा कि इस तरह के ‘‘ क्रूर और भयानक ’’ हमले करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।       

राष्ट्रपति ने कल कहा कि हम स्थिति पर बहुत ही करीबी नजर रख रहे हैं। हम अपने सैनिकों और अन्य सभी लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं। हम 24 से 48 घंटों के बीच इस पर कोई बड़ा निर्णय लेने जा रहे हैं। उन्होंने बताया , ‘‘ जब ऐसी कोई बात होती है तो हम बहुत चिंतित हो जाते हैं। यह मानवता के लिए है। हम मानवता की बात कर रहे हैं और इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। शाम में उन्होंने सीरिया के मुद्दे पर अपने सेना के शीर्ष अधिकारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत की।

उन्होंने कहा , ‘‘ यहां हम सीरिया पर बात कर रहे हैं और हम बहुत सारी गंभीर चीजों पर बात कर रहे हैं। हम यहां आज रात सीरिया पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुये हैं। दुनिया में कही भी हम सबसे महान सैन्य बल हैं। खबरों के मुताबिक , सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले दोउमा शहर में कथित तौर पर जहरीले गैस के हमले में कम से कम 40 लोग मारे गये हैं।  व्हाइट हाउस ने बताया कि ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति ए मैनुएल मैक्रों से हमले में सीरिया के रासायनिक हथियारों के स्पष्ट उपयोग के मुद्दे पर अपना सहयोग जारी रखने के मुद्दे पर बातचीत की।       

Isha

Advertising