पाकिस्तान में बंटवारे की तैयारी: सिंध में आजादी को लेकर छिड़ा संग्राम, आसिम मुनीर के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 12:32 PM (IST)
Karachi: पाकिस्तान में प्रांतों के पुनर्गठन और मौजूदा चार प्रांतों को तोड़कर नए प्रशासनिक क्षेत्र बनाने की चर्चा ने सियासी माहौल गरमा दिया है। सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से जोड़ी जा रही इस योजना के विरोध में कराची में हजारों सिंधी लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सिंध का बंटवारा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस सप्ताह कराची में हुए विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक अजरक स्कार्फ और टोपियां पहनकर शामिल हुए। पाकिस्तान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रैली का आयोजन जी सिंध रहबर कमेटी ने किया था। इसमें राष्ट्रवादी नेताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, वकीलों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
PAKISTAN'S MAINSTREAM MEDIA WON'T SHOW YOU THIS: MASSIVE PROTESTS IN SINDH Thousands of Sindhi protesters take to the streets, waving nationalist flags against proposals to divide Sindh into new provinces. Leaders vow to resist any division. https://t.co/6aEp9lbj4Z
— Subodh Kumar (@kumarsubodh_) November 23, 2026
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सिंध की मौजूदा भौगोलिक सीमाओं में किसी भी तरह के बदलाव का विरोध किया। उनका कहना था कि सिंध की जमीन, इतिहास और सांस्कृतिक पहचान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। प्रांत की सीमाओं या प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का फैसला वहां की जनता की सहमति के बिना नहीं होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने नए प्रांत या प्रशासनिक इकाइयां बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने के विचार को भी खारिज किया। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार और संबंधित संस्थाओं से अपील की कि ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे सिंध में राजनीतिक और सामाजिक विभाजन बढ़े।
पाकिस्तान के चार प्रांतों को बांटने की चर्चा
दरअसल, पाकिस्तान में मौजूदा चार प्रांतों पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान का पुनर्गठन करने की चर्चा है। इस विचार के तहत देश को करीब एक दर्जन या उससे अधिक प्रशासनिक इकाइयों में बांटने की बात कही जा रही है। इस प्रस्ताव को सेना प्रमुख आसिम मुनीर से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इस योजना का कोई आधिकारिक खाका सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसके समर्थकों का तर्क है कि नए प्रशासनिक क्षेत्र बनने से शासन व्यवस्था बेहतर होगी, सरकारी कामकाज आसान होगा और प्रशासन आम लोगों के ज्यादा करीब पहुंचेगा। दूसरी ओर, आलोचकों को आशंका है कि इससे पाकिस्तान के संघीय ढांचे और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव हो सकता है। द इकोनॉमिस्ट ने 8 अक्टूबर के अपने संपादकीय में इस संभावित कदम को राजनीतिक विपक्ष को कमजोर करने और सेना प्रमुख की पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा था।
THOUSANDS HIT KARACHI STREETS AGAINST PLANS TO DIVIDE SINDH Massive protests erupt in Karachi as demonstrators reject proposals to split Sindh into new provinces. Public opposition is mounting against the provincial restructuring agenda linked to Pakistan Army chief Asim Munir.
— Subodh Kumar (@kumarsubodh_) November 23, 2026
बिलावल भुट्टो ने दी कड़ी चेतावनी
सिंध के बंटवारे को लेकर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सिंध का बंटवारा जबरन किया गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। बिलावल ने कहा कि जबरदस्ती बंटवारे से समाज में दरार पैदा होगी, दुश्मनी बढ़ेगी और आम लोग हथियार उठाने को मजबूर हो सकते हैं। इससे हिंसा और खून-खराबे की स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी संविधान और कानून के तहत जनता की इच्छा के मुताबिक नए प्रांत बनाने के विचार के खिलाफ नहीं है। लेकिन किसी भी क्षेत्र का बंटवारा दबाव या ताकत के इस्तेमाल से नहीं किया जाना चाहिए।
जनमत संग्रह पर भी उठाए सवाल
बिलावल ने जनमत संग्रह के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पाकिस्तान के संविधान में नए प्रांत बनाने की एक निर्धारित प्रक्रिया मौजूद है। ऐसे में जनमत संग्रह का रास्ता अपनाने की बात संवैधानिक प्रक्रिया से बचने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में पहले जनमत संग्रह का इस्तेमाल अलोकतांत्रिक उद्देश्यों के लिए किया जा चुका है।दूसरी ओर, कराची में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सहमति के बिना सिंध की सीमाओं में बदलाव करने की कोशिश हुई तो पूरे प्रांत में आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने संवैधानिक, कानूनी और लोकतांत्रिक तरीकों से इसका विरोध करने का ऐलान किया है।
