जापान में  400 साल पुराने दुर्लभ बोनसाई पेड़ चोरी

Wednesday, Feb 13, 2019 - 01:56 PM (IST)

टोक्योः जापान में दुर्लभ पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। यहां की राजधानी टोक्यो  के करीब स्थित सैतामा इलाके के एक बगीचे से 400 साल पुराने बोनसाई पेड़ के साथ सात अन्य दुर्लभ पेड़ चुरा लिए गए। इन सबकी कीमत एक लाख 18 हजार डॉलर (करीब 83 लाख रुपए) थी। सजावट में इस्तेमाल होने वाले शिंपाकू के 400 साल पुराने बोनसाई को इस महीने एक प्रतियोगिता में रखा जाना था।

इसकी कीमत 90 हजार डॉलर (करीब 63 लाख रुपए) थी। पूर्वी एशिया खासकर जापान में विशेष तकनीक का इस्तेमाल कर बोनसाई तैयार किए जाते हैं। ये असल पेड़ों जैसे ही दिखते हैं, लेकिन उनका आकार कई गुना छोटा होता है।इन बोनसाई की देखरेख करने वाले सिजी इमुरा की पत्नी फुयुमी ने चोरों से अपील की है कि वे नियमित रूप से उन्हें पानी देते रहें।

उनका कहना है कि बिना पानी के बोनसाई एक हफ्ते भी नहीं बच पाएंगे। फुयुमी ने कहा, 'हम उनका अपने बच्चों की तरह ध्यान रखते थे। उनके ना होने से ऐसा लग रहा है जैसे हमारा कोई अंग कट गया।' उन्होंने यह भी कहा कि चोर पेशेवर थे तभी उन्होंने तीन हजार पौधों में से सबसे कीमती बोनसाई चुराए।

Tanuja

Advertising