First Sport On Moon: चांद पर पहली बार कौन सा खेला गया गेम, किसने रचा अनोखा इतिहास?

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 03:37 PM (IST)

Washington: जब भी चांद की बात होती है तो दिमाग में वैज्ञानिक प्रयोग, अंतरिक्ष मिशन और ऐतिहासिक कदम उभरते हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि चांद पर पहला खेल भी खेला गया था और वह था गोल्फ। यह अनोखा इतिहास रचा था अमेरिकी एस्ट्रोनॉट एलन शेपर्ड ने। यह घटना 6 फरवरी 1971 की है, जब नासा के अपोलो 14 मिशन के दौरान शेपर्ड चंद्रमा की सतह पर मौजूद थे।

 

कामचलाऊ क्लब से रचा इतिहास
एलन शेपर्ड अपने साथ पूरी गोल्फ किट नहीं ले गए थे। उन्होंने 6-आयरन गोल्फ क्लब के हेड को चंद्रमा से नमूने इकट्ठा करने वाले टूल के हैंडल से जोड़कर एक कामचलाऊ क्लब तैयार किया। बताया जाता है कि उन्होंने दो गोल्फ बॉल और क्लब हेड पहले से नासा को बताए बिना अपने स्पेस सूट में छिपा लिए थे। चंद्रमा पर गोल्फ खेलना आसान नहीं था। भारी स्पेस सूट के कारण शरीर की गति सीमित थी। इसी वजह से शेपर्ड ने सिर्फ एक हाथ से दो गोल्फ शॉट खेले। कम गुरुत्वाकर्षण के कारण गेंद अपेक्षाकृत दूर तक गई।

 

गेंद कितनी दूर गई और क्यों खास यह पल?
अनुमान है कि गोल्फ बॉल करीब 40 यार्ड तक गई। ये दोनों सफेद गेंदें आज भी चंद्रमा की फ्रा मौरो सतह पर पड़ी हुई हैं। शेपर्ड गोल्फ क्लब का हेड अपने साथ पृथ्वी पर वापस ले आए थे।एलन शेपर्ड का यह गोल्फ शॉट सिर्फ एक खेल नहीं था। यह इस बात का प्रतीक बन गया कि इंसान जहां भी जाता है, वहां अपनी जिज्ञासा, हास्य और खेल भावना साथ लेकर जाता है। विज्ञान और खोज के बीच यह पल आज भी अंतरिक्ष इतिहास की सबसे मानवीय यादों में गिना जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News