दो ऑस्ट्रियन पुरुष और एक महिला! यहां की 'Triangle Marriage' ने इंटरनेट पर मचाया तहलका, दहेज में मिले 1-1 मिलियन बाट
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 11:35 AM (IST)
Thailand Trio Wedding One Bride Two Grooms : थाईलैंड में एक ऐसी शादी संपन्न हुई है जिसने समाज के बने-बनाए नियमों को चुनौती दे दी है। 37 साल की एक महिला ने एक ही मंडप में दो ऑस्ट्रियन पुरुषों के साथ शादी रचाई है। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं बल्कि हकीकत है जहां दो पतियों ने एक साथ अपनी पत्नी के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। इंटरनेट पर इस शादी की तस्वीरें और वीडियो 2026 की सबसे अनोखी वेडिंग के नाम से वायरल हो रहे हैं।
कौन है ये दुल्हन और कौन हैं दो दूल्हे?
थाईलैंड के प्राखोन चाई जिले की रहने वाली डुआंगडुआन केतसारो (37 वर्ष) इस अनोखी शादी की दुल्हन बनी हैं। उनके साथ शादी के बंधन में बंधने वाले दोनों पुरुष ऑस्ट्रिया के नागरिक हैं और आपस में बहुत गहरे दोस्त हैं।ये दोनों पिछले कई सालों से डुआंगडुआन के साथ एक ही घर में रह रहे थे और तीनों के बीच गहरी आपसी समझ थी।

डुआंगडुआन पहले से शादीशुदा रह चुकी हैं। उनके तीन बच्चे और दो नाती-पोते भी हैं। पहले पति से अलग होने के बाद उन्होंने सालों तक अकेले संघर्ष किया और अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाई।
दहेज में मिले 1-1 मिलियन बाट
आमतौर पर शादियों में दुल्हन के परिवार पर दहेज का दबाव होता है लेकिन यहां नजारा बिल्कुल उल्टा था। 28 फरवरी को हुई इस शादी में दोनों विदेशी दूल्हों ने 1-1 मिलियन बाट (यानी करीब 29-29 लाख रुपये प्रति व्यक्ति, कुल 58 लाख रुपये) दहेज के तौर पर दिए। शादी पूरी तरह से थाई रीति-रिवाजों से हुई जिसमें कलाई पर धागा बांधने और 'बाई स्री सू ख्वान' जैसे पारंपरिक आशीर्वाद समारोह आयोजित किए गए।
परिवार ने क्यों दी मंजूरी?
जब डुआंगडुआन ने इस 'थ्रीसम मैरिज' का प्रस्ताव अपने माता-पिता और बच्चों के सामने रखा तो उन्हें डर था कि समाज क्या कहेगा लेकिन उनके परिवार ने खुशी-खुशी इसे स्वीकार कर लिया। परिवार का कहना था कि दोनों विदेशी पुरुष लंबे समय से घर की जिम्मेदारियां उठा रहे हैं और बच्चों का ख्याल रख रहे हैं। उनके लिए डुआंगडुआन की खुशी सबसे ऊपर थी।
सोशल मीडिया पर खुशी की छलांग
शादी की रस्में पूरी होने के बाद दोनों दूल्हे खुशी से पास के एक तालाब में कूद पड़े जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है। नेटिजन्स इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सच्चा प्यार और आपसी तालमेल बता रहे हैं तो कुछ इसे थाईलैंड की संस्कृति में एक बड़ा बदलाव मान रहे हैं।



