ईराक के विदेश मंत्री का मुसलमानों पर बड़ा बयान

Thursday, Jul 27, 2017 - 12:01 PM (IST)

मुंबई: ईराक के विदेश मंत्री इब्राहिम अल-जाफरी ने कहा है कि इस्लाम के नाम पर निर्दाेष व्यक्तियों की हत्या करने वाले आतंकी मुसलमान नहीं हैं।

अल-जाफरी ने कल यहां कहा,आतंकियों का समूह इस्लाम के नाम पर नारे लगाता है लेकिन वे लोग मुसलमान नहीं हैं क्योंकि वे निर्दाेष लोगों की हत्या करते हैं। वे महिलाओं और बच्चों की हत्या करते हैं। यह सच्चा इस्लाम नहीं है। ईराक के मंत्री 5 दिवसीय दौरे पर यहां आए हैं। वह कल यहां दाउदी बोहरा समुदाय के आमंत्रण पर मुंबई आए हुए थे। उन्होंने कुरान की पाक आयतों का जिक्र करते हुए कहा, लोगों की भलाई के लिए जो कुछ भी अच्छा है,वह रहेगा और जो कुछ भी समाज के लिए नुकसानदायक है, वह चला जाएगा।

जाफरी ने कहा, दुनिया के समझने के तरीके को लेकर लोगों के बीच मतभेद के बावजूद,यदि वे दिल से एक साथ आते हैं, तो स्थायी शांति और एकता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा,मुसलमानों को जाति और धर्म पर ध्यान दिए बगैर सभी लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए। यही मुसलमान होने का सच्चा मतलब है। इससे पहले ईराक के मंत्री ने भिंडी बाजार के दाउदी बोहरा मकबरे रौजत ताहिरा का दौरा किया। उन्होंने यहां दाउदी बोहरा समुदाय के 51वें और 52वें धर्मगुरूओं की मजार पर खिराजे अकीदत पेश किया।उन्होंने यहां डॉ सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन और उनके पूर्ववर्तियों द्वारा शुरू किए गए कल्याण कार्यक्रमों की भी सराहना की।

Advertising