पाकिस्तान में आसमान बरसा रहा आग‍ ! पारा 51 डिग्री के पार, लोगों को बेवजह बाहर न निकलने की सलाह

Sunday, May 15, 2022 - 04:06 PM (IST)

इस्लामाबादः  भारत में  गर्मी से लोग परेशान हैं ही लेकिन पड़ोसी देश  पाकिस्तान में भी  गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को पाकिस्तान के जैकबाबाद में पारा 51 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पूरी दुनिया में ये 2022 का सबसे  अधिक तापमान  रहा है। ये ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड किए गए 50.7 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने  चेतावनी  देते हुए कहा है कि अभी लोगों को कोई राहत नहीं मिलने वाली।

आने वाले दिनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लोग बेवजह बाहर न निकलें इससे बीमार होने का खतरा ज्यादा है। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में पानी की कमी भी हो सकती है।  पाकिस्तान मौसम विभाग के मुताबिक मई के मौसम में होने वाले तापमान के औसत से काफी ऊपर था। जैकबाबाद में मई के मौसम में औसतन तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस होता है। पाकिस्तान के कराची शहर ने भी शनिवार को पिछले दशक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया है। पाकिस्तान मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को कराची का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

 
गर्मी बढ़ने के साथ ही पाकिस्तानी पंजाब राज्य के सिंचाई प्रवक्ता अदनान हसन ने कहा कि इस साल बारिश और हिमपात में कही हुई है, जिसके कारण सिंधु नदी में पानी 65 फीसदी कम हो गया है। पंजाब के चोलिस्तान में भारी गर्मी के कारण भेड़ों की भी मौत हो रही है। ये इलाका पाकिस्तान को सबसे ज्यादा गेहूं उपलब्ध कराता है। लेकिन इस साल गर्मी के कारण फसलों की उपज में कमी का डर भी है।
 

Tanuja

Advertising