अफगानिस्तान में तालिबान ने महिलाओं को ईद समारोह में शामिल होने पर लगाई रोक

Sunday, Apr 23, 2023 - 03:21 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान में तालिबान ने दो प्रांतों में महिलाओं के खिलाफ एक और कठोर प्रतिबंध लगा दिया है। तालिबान प्रशासन ने बगलान और तखर प्रांतों की महिलाओं को ईद-उल-फितर के दिन बाहर न निकलने के निर्देश दिए हैं। महिलाओं के ईद समारोह में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।  समाचार एजेंसी खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक केवल इन्हीं दो प्रातों में ईद-उल-फितर के दिनों में बाहर न निकलने को कहा गया है।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान के हेरात इलाके में तालिबानी अधिकारियों ने इस महीने की शुरुआत में परिवारों और महिलाओं को बगीचों और बाहरी स्थान वाले प्रतिष्ठानों में भोजन करने से मना कर दिया था। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधों का कारण लैंगिक मेलजोल और हिजाब न पहनना है। दशकों से चल रहे संघर्ष का सामना कर रहे अफगानिस्तान को भोजन की कमी सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि विदेशी सरकारें महिलाओं पर तालिबान के प्रतिबंधों के कारण फंडिंग में कटौती कर रही हैं और प्रतिबंध लगा रही हैं। 

 

समाचार एजेंसी ने बताया कि व्यापाक निंदा के बावजूद अभी भी प्रतिबंध हैं कि कितनी महिलाएं संयुक्त राष्ट्र के लिए काम कर सकती हैं। लड़कियों की उच्च शिक्षा पर प्रतिबंध है। अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के बाद से महिलाओं को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम करने की अनुमति नहीं है। महिलाओं को जिम या सार्वजनिक स्थानों पर जाने की अनुमति भी नहीं है। 

Tanuja

Advertising