तालिबान का नया फरमानः पुरुष अभिभावक बगैर महिलाओं को फ्लाइट में अकेले सफर पर लगाई रोक

Sunday, Mar 27, 2022 - 11:21 AM (IST)

इस्लामाबाद: अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने दर्जनों महिलाओं को कई उड़ानों में सवार होने की अनुमति देने से इनकार कर दिया क्योंकि वे पुरुष अभिभावकों के बगैर यात्रा कर रही थीं। दो अफगान एयरलाइन के अधिकारियों ने शनिवार को यह बताया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सवार होने के लिए शुक्रवार को काबुल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची दर्जनों महिलाओं से कहा गया कि वे एक पुरुष अभिभावक के बगैर यात्रा नहीं कर सकतीं।

 

एक अधिकारी ने बताया कि कुछ महिलाओं के पास दोहरी नागरिकता थी और वे अन्य देशों में स्थित अपने घर लौट रही थीं। उनमें से कुछ कनाडा से थी। काम एयर और सरकारी स्वामित्व वाले एरियाना एयरलाइन की इस्लामाबाद, दुबई और तुर्की के लिए उड़ानों में महिलाओं को सवार होने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि यह आदेश तालिबान नेतृत्व से मिला है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार तक, अकेली यात्रा कर रही कुछ महिलाओं को पश्चिमी हेरात प्रांत के लिए एरियाना एयरलाइन की उड़ान में सवार होने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, जो समय सीमा दी गई थी उसके अंदर वे उड़ान में सवार होने से चूक गईं।

 

हवाईअड्डे के प्रमुख और पुलिस प्रमुख, दोनों तालिबान से हैं और वे इस्लामी मौलवी हैं, शनिवार को एयरलाइन अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि तालिबान ने महीनों पहले एक आदेश जारी कर 72 किमी से अधिक की यात्रा के लिए महिलाओं को अपने साथ एक पुरुष अभिभावक रखना अनिवार्य कर दिया था। अधिकारी ने बताया, ‘‘वे इस विषय का हल करने की कोशिश कर रहे हैं। '' इस बीच, दर्जनों लड़कियों ने स्कूल जाने का अधिकार मांगते हुए अफगान राजधानी में प्रदर्शन किया।  

Tanuja

Advertising