हिलेरी के चुनाव जीतने की 65 फीसदी संभावना: सर्वे

Monday, Nov 07, 2016 - 02:07 PM (IST)

न्यूयार्क:डेमोक्रैटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने की 65 फीसदी संभावना है।एक प्रमुख जनमत सर्वेक्षण वेबसाइट में यह जानकारी देते हुए कहा गया है कि चुनावी आंकड़ों के खेल में पिछले दिनों हिलेरी के ग्राफ में आई गिरावट की भरपाई कर ली गई है।सर्वे में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में हिलेरी ने अपने विरोधी रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप पर बढ़त बना ली है।


अपने चुनावी सर्वेक्षण के आधार पर वेबसाइट फाइव थर्टी एट कहती है कि हिलेरी क्लिंटन के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीतने की संभावना 65 फीसदी है। हालांकि यह बढ़त उस 81 फीसदी संभावना से कम है जो ईमेल विवाद के सामने आने से पहले थी। अक्टूबर में एफबीआई के निदेशक जेम्स कोमी ने कांग्रेस को बताया था कि वह हिलेरी के ईमेल सर्वर के मामले में अतिरिक्त इमेल्स की समीक्षा कर रहे हैं। इससे पहले हिलेरी की जीत की संभावनाओं को 81 फीसदी बताया गया था।


हिलेरी की जीत की संभावनाएं पहले के मुकाबले कम हुई हैं लेकिन यह अभी भी ट्रंप से अधिक हैं जिनकी जीत की संभावना सिर्फ 34 फीसदी है। वाइट हाऊस तक पहुंचने के लिए एक उम्मीदवार को कम से कम 270 वोट की जरूरत है और क्लिंटन के खाते में 291 इलेक्टोरल वोट जबकि ट्रंप के खाते में 245 वोट जाने की संभावना है। चुनावी विश्लेषण, भविष्यवाणी कर रहा है कि हिलेरी को 48 फीसदी लोकप्रिय वोट और ट्रंप को 45 फीसदी लोकप्रिय वोट मिल सकते हैं।


वेबसाइट फाइव थर्टी एट के संस्थापक और एडिटर इन चीफ नेट सिल्वर ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा,'यह कहना मुश्किल है कि हिलेरी क्लिंटन को मिलने वाले मतों में इजाफा होगा क्योंकि कोमी ने कल कांग्रेस को बताया कि पूर्व प्रतिनिधि एंथनी वीनर के कम्प्यूटर के ईमेल हिलेरी के बारे में उनके पहले के निष्कर्ष में बदलाव करेंगे।'सिल्वर ने इसके साथ ही कहा कि प्रचार अभियान में पहले के मुकाबले थोड़ा अनुशासित व्यवहार करने के लिए ट्रंप को भी कुछ श्रेय मिलना चाहिए। इसके चलते उन्हें 28 अक्टूबर के बाद से राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में करीब 2 अंकों की बढ़त मिली है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में हिलेरी ने तेजी से बढ़त हासिल की है।

Advertising