Shocking रिपोर्टः पाक के लिए कश्मीर से बड़ी समस्या हैं टमाटर, सुरक्षा में हथियारबंद गार्ड तैनात

Sunday, Nov 17, 2019 - 01:30 PM (IST)

इस्लामाबादः  एक सर्वे रिपोर्ट में पाकिस्तान को लेकर हैरानीजनक खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार पाक के लोगों के लिए कश्मीर से बड़ी समस्या उनके देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी है। इसका खुलासा मंगलवार को एक सर्वे रिपोर्ट में हुआ। दरअसल, गैलप इंटरनेशनल ने पाकिस्तान के चार प्रांतों (बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और सिंध) में सर्वे करवाया। इसके मुताबिक, देश में बढ़ती मंहगाई से लोगों के लिए साधारण जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।पाकिस्तान में टमाटर की कीमत 320 रुपए (पाकिस्तानी मुद्रा) प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे भी बड़ी दिक्कत है कि टमाटरों को लूटने की घटनाएं होने लगी हैं। यही वजह है कि किसानों ने बेशकीमती हो चुकी फसल को लूट से बचाने के लिए खेतों पर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं। प्रधानमंत्री इमरान खान के आर्थिक सलाहकार डॉक्टर अब्दुल हफीज ने दावा किया था कि कराची में टमाटर 17 रुपए किलो हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ा था।

टमाटरों को लूटने की घटनाएं बढीं
शुक्रवार को कराची की थोक मंडी में टमाटर 320 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बिके। सिंध प्रांत में टमाटर की फसल सर्वाधिक होती है। लेकिन, खेतों पर लुटेरों की नजर है। टमाटर लूट की कुछ घटनाएं हुईं तो किसान चौकन्ने हो गए। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक, टमाटर सुरक्षा के लिए किसानों ने अपने खर्च पर हथियारबंद गार्ड तैनात कर दिए हैं। बादिन जिले के किसान लूट की घटनाओं के प्रति ज्यादा आशंकित हैं।


 आसमान छू रहे सब्जियों के दाम 
टमाटर के अलावा दूसरी सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। लौकी यहां 170 रुपए किलोग्राम तक बिक रही है। प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार डॉक्टर अब्दुल हफीज के बयान ने अवाम के जख्मों पर नमक छिड़क दिया। उन्होंने कहा- कराची में टमाटर का भाव 17 रुपए प्रति किलो है। मीडिया ने उनसे पूछा कि आप जगह या मंडी का नाम बताएं, जहां इस सब्जी का यह दाम है। इस पर हफीज गोलमोल जवाब देने लगे। बहरहाल, लोगों की नाराजगी से घबराई सरकार ने ईरान से टमाटर आयात करने का आदेश दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आयात होने बावजूद टमाटर 150 रुपए किलो से कम नहीं होगा।

बढ़ती मंहगाई को देश की सबसे बड़ी समस्या
सर्वे के मुताबिक, 53% लोगों ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बढ़ती मंहगाई को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया। 23% लोगों के लिए बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। 4% लोगों ने भ्रष्टाचार को सबसे बड़ी मुश्किल बताया, वहीं 4% लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं। सर्वे में शामिल केवल 8% लोगों के लिए कश्मीर बड़ा मुद्दा है।

IMF ने बताया गंभीर आर्थिक संकट
पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पिछले कुछ वर्षों से अस्थिर है। जुलाई में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा था कि कमजोर और असंतुलित प्रगति के चलते पाकिस्तान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उसकी अर्थव्यवस्था नाजुक मोड़ पर है, जहां मजबूत और दूरदर्शी सुधारों की जरूरत है। उस समय पाकिस्तान के पास केवल 800 करोड़ यूएस डॉलर की रिजर्व पूंजी थी, जिससे केवल डेढ़ महीने तक आयात की पूर्ति हो सकती थी।
 

Tanuja

Advertising