इस सुल्तान ने सिंहासन पर पूरे किए 50 साल

Friday, Oct 06, 2017 - 02:31 PM (IST)

बेगावानः इंडोनेशिया के पास बसे छोटे-से देश बु्रनेई के सुल्तान हसनअल बोल्कियाह ने गुरुवार को सिंहासन पर 50 साल पूरे कर लिए। सत्ता गोल्डन जुबली के इस खास मौके को उन्होंने बेहद शाही अंदाज में मनाया। उन्होंने सोने के अपने रथ पर सवार होकर पूरे शहर में यात्रा निकाली। रथ को उनके 50 सेवक आगे-आगे खींच रहे थे। उनके साथ रानी सालेहा मौजूद थीं।

इस दौरान सड़कों पर 80 हजार से अधिक लोग मौजूद थे। कुछ लोग तो सुल्तान को नजदीक से देखने के लिए सुबह 5 बजे से ही सड़कों पर आ गए थे। पांच किमी लंबी यात्रा में सेना का बैंड भी मौजूद था। रथ के पीछे-पीछे शाही परिवार के अन्य सदस्य रोल्स रॉयस में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। यह यात्रा उनके आलीशान पैलेस तक आयोजित की गई थी।

उनके मेहमानों की सूची में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो और म्यांमार की नेता आंग सान सू की जैसी हस्तियां शामिल थी। सुल्तान 1967 से बु्रनेई में सिंहासन संभाल रहे हैं। ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ के बाद वह दुनिया के सबसे लंबे तक सिंहासन पर रहने वाले शासक हैं। बु्रनेई में दो सप्ताह तक ऐसे ही आयोजन जारी रहेंगे।

Advertising