US और उसके दोस्त देशों पर भड़का चीन, कहा- ‘ यूक्रेन युद्ध की तुलना ताइवान पर चीनी दावे से करना मूर्खता''

Wednesday, Feb 22, 2023 - 12:30 PM (IST)

बीजिंग: यूक्रेन युद्ध की तुलना ताइवान पर चीनी दावे के साथ करने पर चीन भड़क गया है। चीनी विदेश मंत्री किन गांग ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका तथा उसके सहयोगियों को रूस की यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई की तुलना ताइवान पर चीन के दावे से करना  मुर्खता है इसलिए ऐसे बयान देना बंद करना चाहिए। साथ ही कहा कि यूक्रेन युद्ध नियंत्रण से बाहर हो सकता है और इसे लेकर चीन ‘‘बेहद चिंतित'' है।

 

चीन ने अब तक यूक्रेन पर रूसी हमले की निंदा नहीं की है। अमेरिका ने चीन को चेतावनी दी है कि अगर उसने रूस को सैन्य सहायता प्रदान की तो वह सख्त प्रतिबंध लगाएगा। चीन ताइवान पर अपना दावा जताता है। विदेश मंत्री किन ने कहा, ‘‘एक साल में यूक्रेन संकट चौतरफा तरीके से बढ़ा है और स्थिति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित किया है। चीनी पक्ष घटनाक्रम के नियंत्रण से बाहर होने की आशंका को लेकर बेहद चिंतित है।''

 

किन ने कहा कि उनका देश यूक्रेन मुद्दे के समाधान के लिए शांतिवार्ता का पक्षधर है और बातचीत को आगे बढ़ाने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने का इच्छुक है। विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘साथ ही, हम संबंधित देशों से आग्रह करते हैं कि वे ‘आग में घी डालना' तत्काल बंद करें, चीन को दोष देना बंद करें और ‘‘यूक्रेन आज, कल ताइवान'' जैसे संदर्भों का उपयोग करके स्थिति को भड़काना बंद करें।''  

Tanuja

Advertising