महिलाओं के हाथ में ब्लैक डॉट बना खतरे का निशान, सोशल मीडिया कर रहा चौकन्ना

Monday, Nov 05, 2018 - 06:07 PM (IST)

न्यूयॉर्कः आजकल सोशल मीडिया पर महिलाओं के हाथों पर काले निशान की फोटो तेजी से वायरल हो रही है। अगर किसी महिला के हाथों पर ये गहरा काला डॉट दिखे तो बिना सोचे उनकी मदद करने की अपील व  तत्काल पुलिस को बुलाने की सलाह दी जाती है। काले रंग का गहरा डॉट दिखना वास्तव में एक गंभीर बात है। यदि आप इस निशान के साथ किसी महिला को देखते हैं तो आपको तुरंत 911 पर कॉल करके आपातकालीन सहायता के लिए बुलाना चाहिए, क्योंकि यह उस महिला की जरूरत है। आपको बता दें कि काला डॉट इशारा करता है कि वह किसी समस्या में है और उसको आपकी तत्काल सहायता की जरूरत है।

काले गहरे डॉट का वास्तविक मतलब है कि उसके घर में उसका अपमान होता है और वह पुलिस को फोन भी नहीं कर सकती, क्योंकि उसे देखा और नियंत्रित किया जा रहा है, जिस वजह से वो किसी को चाहकर भी कुछ नहीं बता सकती है। अब यह आप पर निर्भर करता है कि आप उसकी मदद करते हैं या नहीं। दरअसल, अमेरिका में महिलाओं की मदद के लिए शुरू किए गए इस कैंपेन का नाम ब्लैक डॉट ही रखा गया। सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक इस बात को पहुंचाया गया कि आप भी अगर किसी महिला के हाथ में ऐसा निशान देखें तो सबसे पहले पुलिस को सूचना दें और उसकी मदद करने की कोशिश करें।

ब्लैक डॉट कैंपेन अब दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है। दुनियाभर में लोग इसे तेजी से शेयर कर महिलाओं की मदद कर रहे हैं, जिससे ऐसे किसी संकट या घरेलू हिंसा का शिकार महिला को बचाया जा सके। इस पोस्ट को शेयर कर आप भी महिलाओं की सुरक्षा में अपना योगदान कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लैक डॉट कैंपेन की शुरुआत एक अमेरिकी महिला ने ही की, जो प्रेग्नेंट होने के बावजूद अपने पति की हिंसा का शिकार थी और उसने मदद मांगने के लिए इसी तरकीब को अपनाया था। माना जा रहा है कि महिला सुरक्षा के लिए ये ट्रिक सिर्फ शुरुआत में प्रभावी रही है। जैसे-जैसे लोगों को इसके बारे में पता चला, महिलाओं के साथ हिंसा करने वाले भी सतर्क हो गए।
  
 
 
 

Tanuja

Advertising