Nvidia में जेन्सेन हुआंग की वापसी की अटकलों पर विराम, बोर्ड ने जांच पर किया फोकस

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 06:02 AM (IST)

सैन फ्रांसिस्को/वाशिंगटन: दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के संस्थापक जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) की कंपनी में वापसी की अटकलों पर एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने विराम लगा दिया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हुआंग को दोबारा सीईओ पद पर बहाल करने की बढ़ती मांगों के बावजूद बोर्ड उनकी वापसी पर कोई विचार नहीं कर रहा है। सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड का पूरा ध्यान फिलहाल हुआंग के आचरण से जुड़े आरोपों की जांच पर केंद्रित है।

राष्ट्रीय सुरक्षा और कंपनी के रहस्यों की जांच के लिए लॉ फर्म नियुक्त
एनवीडिया ने यह जांचने के लिए प्रमुख अमेरिकी लॉ फर्म 'वाचटेल लिपटन' (Wachtell Lipton) को नियुक्त किया है कि क्या जेन्सन हुआंग के कथित आचरण से राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के व्यावसायिक रहस्यों को कोई खतरा पहुंचा है या नहीं।

बता दें कि जेन्सन हुआंग ने 33 वर्षों तक सीईओ रहने के बाद हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा एक अफेयर स्वीकार करने के कुछ ही दिनों बाद आया था। मीडिया रिपोर्टों में एनवीडिया के ग्राहक से जुड़ी 'एलिस हुआंग' के साथ उनके संबंधों की बात सामने आई थी, जिसके चीनी खुफिया तंत्र से संबंध होने का दावा किया गया था। इसके अलावा कंपनी की हेल्थकेयर उपाध्यक्ष किम्बर्ली पॉवेल सहित अन्य कर्मचारियों के साथ भी उनके संबंधों के मामले सामने आए थे।

सिलिकॉन वैली में 'वॉर रूम' और 1.8 लाख लोगों का समर्थन
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने अपने सहयोगियों के साथ वापसी की संभावनाओं पर चर्चा की थी। उनके सहयोगी सिलिकॉन वैली के उद्योगपतियों का एक 'वॉर रूम' तैयार कर रहे थे ताकि बोर्ड और व्हाइट हाउस से समर्थन हासिल किया जा सके। हालांकि, अल्टीमीटर कैपिटल के संस्थापक ब्रैड गेर्स्टनर ने सीएनबीसी को बताया कि हुआंग ने उनसे वापसी को लेकर कोई चर्चा नहीं की थी। वहीं हुआंग के प्रतिनिधि ने इन अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

दूसरी ओर, हुआंग को बहाल करने की मांग को लेकर चलाए गए एक ऑनलाइन अभियान (पिटीशन) पर लगभग 1,80,000 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इस मांग को टेस्ला के सीईओ एलन मस्क, वाई कॉम्बिनेटर के सीईओ गैरी टैन और एपिक गेम्स के सीईओ टिम स्वीनी जैसे टेक दिग्गजों का समर्थन मिला है।

डोनाल्ड ट्रंप का बयान और नए सीईओ की तलाश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि वे जेन्सन हुआंग के दोबारा एनवीडिया के सीईओ बनने के पक्ष में हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि देश की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचा है और देश पहले से अधिक मजबूत है। इन सब के बावजूद एनवीडिया के बोर्ड के प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि कंपनी अपने अगले सीईओ के चयन के लिए एक सर्च फर्म चुनने की प्रक्रिया में जुटी हुई है और हुआंग की वापसी पर कोई बातचीत नहीं हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News