SP-BSP गठबंधन के बीच बोले राहुल, यूपी में कांग्रेस को कमजोर न समझें

Sunday, Jan 13, 2019 - 12:20 AM (IST)

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दौरे पर गए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुबई में मीडिया से बातचीत में लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन पर कहा कि दोनों दलों के पास गठबंधन करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा, ‘‘बसपा और सपा ने राजनीतिक निर्णय लिया है। अब यह हम पर निर्भर करता है कि हम कैसे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करते हैं। हम पूरी क्षमता के साथ लड़ेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के पास उत्तर प्रदेश के लोगों को पेशकश करने के लिए काफी कुछ है। बसपा और सपा के संबंध में (मैं कहना चाहता हूं कि) मेरे मन में बसपा और सपा के नेताओं के प्रति बड़ा सम्मान है और वे जो भी चाहें, उन्हें करने का हक है।’’ कभी एक दूसरे के कट्टर विरोधी रही समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में आपस में गठबंधन करने की शनिवार को घोषणा की। उन्होंने कांग्रेस को गठबंधन से दूर रखा है। बसपा और सपा 38 -38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। हालांकि बसपा और सपा ने कहा कि वे अमेठी और रायबरेली में उम्मीदवार नहीं उतारेंगी। अमेठी का प्रतिनिधित्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और रायबरेली का प्रतिनिधित्व संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी कर रही हैं। 

वहीं राफेल घोटाले पर राहुल ने कहा, 'यह खास नहीं है कि मैंने क्या कहा, मैंने कहा कि प्रधानमंत्री ने छोटे अंबानी के 30 हजार करोड़ रुपए चोरी करने में मदद की। आप मुझ पर किसी तरह के भेदभाव के आरोप नहीं लगा सकते। प्रधानमंत्री ने सामने आकर जवाब देने का साहस नहीं दिखाया। वह संसद से भाग गए।

दुबई में राहुल गांधी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में भारत में असहिष्णुता और गुस्सा बढ़ा है और यह सत्ता में बैठे लोगों की मानसिकता की उपज है। राहुल ने कहा कि हम अगर सत्ता में आते हैं तो जीएसटी में सुधार करेंगे। इसके अलावा आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलवाएंगे। 

shukdev

Advertising