पेरिस आतंकी हमलों में अब तक कोई भारतीय हताहत नहीं

Saturday, Nov 14, 2015 - 02:40 PM (IST)

पेरिस:फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए आतंकी हमलों के पीड़ितों में कोई भारतीय शामिल नहीं है। इन हमलों में कम से कम 120 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए। भारतीय मिशन के उप प्रमुख मनीष प्रभात ने बताया कि दूतावास विदेश मंत्रालय के संपर्क में है और उसे यहां के घटनाक्रमों के बारे में सूचना मुहैया करा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक, जो सूचना हमारे पास उपलब्ध है उसके मुताबिक कोई भारतीय हताहत नहीं है। हमने हमले की जानकारी मिलने के बाद एक हेल्पलाइन नंबर शुरू किया तथा पूरी रात इस पर फोन आते रहे, लेकिन किसी भारतीय के बारे में कोई सूचना नहीं मिली।’’

प्रभात ने कहा, ‘‘हम सोशल मीडिया के जरिए भी भारतीय समुदाय के सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं तथा उनको किसी भी सूचना के लिए अपने क्षेत्रों में पहुंचने की सलाह दे रहे हैं।’’ फ्रांस की राजधानी के अलग अलग स्थानों पर आठ हमलावरों ने बीती रात हमले किए। इन हमलों में कम से कम 120 लोगों की मौत हो गई। 

Advertising