108 मंजिला इमारत से टकराया विमानः क्रैश होकर टुकड़े-टुकड़े गिरा, पायलट की मौत व 13 लोग घायल (Video)
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 05:39 PM (IST)
Beijing: चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार शाम एक छोटा दो-सीटर विमान शहर की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल CITIC Tower (जिसे चाइना जुन भी कहा जाता है) से टकरा गया। इस हादसे में विमान के पायलट की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम 5:55 बजे बीजिंग के व्यावसायिक इलाके Chaoyang District में ईस्ट थर्ड रिंग रोड के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि विमान में केवल पायलट सवार था और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल हुए 13 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि घायल इमारत के अंदर मौजूद थे या विमान के मलबे की चपेट में आए।
BREAKING 🚨 One killed, 13 injured when plane crashed into Beijing skyscraper: authorities pic.twitter.com/ija1VeMQ0n
— Insider Paper (@TheInsiderPaper) June 27, 2026
वैश्विक फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा Flightradar24 के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान Sunward SA60L Aurora मॉडल का था। यह विमान बीजिंग से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व स्थित एक हवाई अड्डे से उड़ान भरकर पश्चिम की ओर जा रहा था, लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद 108 मंजिला CITIC Tower से टकरा गया। यह इमारत लगभग 528 मीटर (1,732 फीट) ऊंची है। बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत मानी जाती है। इसकी बनावट प्राचीन चीनी शराब पात्र (Wine Vessel) से प्रेरित है। चीन में हवाई क्षेत्र पर कड़े नियंत्रण लागू हैं और हाल ही में ड्रोन उड़ाने पर भी कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके बावजूद विमान कैसे शहर के बीचोंबीच स्थित गगनचुंबी इमारत से टकरा गया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है।
घटना के अगले दिन सामने आई तस्वीरों में इमारत के कांच वाले हिस्से पर टक्कर के निशान दिखाई दिए। जहां विमान टकराया था, उस हिस्से को अस्थायी रूप से ढक दिया गया। घटना के बाद चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस हादसे से जुड़े कई पोस्ट और वीडियो हटा दिए गए। हालांकि कुछ वीडियो और तस्वीरें चीन के बाहर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X सहित अन्य वेबसाइटों पर वायरल हो गईं। वित्तीय समाचार मंच Caixin की इस हादसे पर प्रकाशित रिपोर्ट भी बाद में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं रही।
