घटती जन्मदर से घबराया ये देश; बच्चा पैदा करने पर 52 लाख रुपए देने का किया ऐलान, छुट्टी और आवास की भी जबरदस्त ऑफर
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 01:15 PM (IST)
Singapore: घटती जन्मदर और तेजी से बूढ़ी होती आबादी की चुनौती से जूझ रहे सिंगापुर ने परिवारों को बच्चे पैदा करने और उनकी परवरिश के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सिंगापुर में बच्चे पैदा करने के लिए सरकार ने अब तक की अपनी सबसे बड़ी पारिवारिक सहायता योजनाओं में से एक का ऐलान किया है। देश की प्रजनन दर रिकॉर्ड निचले स्तर 0.87 बच्चे प्रति महिला पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने नया SG Child Support Package पेश किया है। इसके तहत हर पात्र सिंगापुर नागरिक बच्चे को जन्म से 17 साल की उम्र तक अलग-अलग योजनाओं के जरिए करीब 70,000 सिंगापुर डॉलर (लगभग 55,000 अमेरिकी डॉलर करीब 52 लाख रुपए) का प्रत्यक्ष सरकारी सहयोग मिलेगा।
प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने 23 अगस्त को अपने नेशनल डे रैली भाषण में परिवारों के लिए नए सहायता पैकेज का ऐलान किया। सरकार के मुताबिक इसका मकसद सिर्फ बच्चे के जन्म के समय आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि बच्चे के बड़े होने तक परिवारों को लगातार सहायता उपलब्ध कराना है। यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। सरकार का कुल सपोर्ट करीब S$70,000 है, लेकिन यह पूरी रकम माता-पिता को सीधे नकद नहीं दी जाएगी। सरकारी योजना के तहत नए SG Child Support Package में हर सिंगापुर नागरिक बच्चे को मूल रूप से S$62,000 तक का पैकेज मिलेगा। इसके अलावा मौजूदा MediSave और Edusave सहायता जोड़ने पर जन्म से 17 साल तक कुल प्रत्यक्ष सरकारी सहायता करीब S$70,000 हो जाती है।
नए पैकेज के तहत बच्चे के जन्म के शुरुआती दौर में S$10,000 का Baby Gift दिया जाएगा। यह रकम बच्चे के जन्म के 12 महीनों के भीतर दो किस्तों में दी जाएगी। इसके अलावा बच्चे के लिए S$5,000 का Child Development Account (CDA) First Step Grant मिलेगा। माता-पिता की ओर से CDA में जमा की गई रकम पर सरकार S$5,000 तक डॉलर-फॉर-डॉलर मैचिंग भी करेगी। सरकार ने सहायता को सिर्फ बच्चे के जन्म तक सीमित नहीं रखा है। हर बच्चे को 1 से 16 साल की उम्र तक हर साल S$2,000 Child Credits मिलेंगे। यानी 16 वर्षों में यह सहायता कुल S$32,000 होगी। 17 साल की उम्र में बच्चे के Post-Secondary Education Account (PSEA) में सरकार की ओर से एक बार फिर S$10,000 डाले जाएंगे। इसका उद्देश्य आगे की उच्च शिक्षा का खर्च कम करना है।
नई व्यवस्था की एक खास बात यह है कि अब मूल सहायता बच्चे के जन्म क्रम पर निर्भर नहीं करेगी। यानी पहला बच्चा हो या दूसरा या तीसरा हर सिंगापुर नागरिक बच्चे को समान बेसलाइन सपोर्ट मिलेगा। सरकार इसके लिए मौजूदा Baby Bonus Scheme और Large Families Scheme को नए SG Child Support Package से बदल रही है। हालांकि तीन या उससे ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को स्वास्थ्य, परिवहन और आवास जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त सहायता देने की व्यवस्था भी जारी रहेगी। सरकार ने सिर्फ नकद सहायता बढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया है। चाइल्डकेयर और प्री-स्कूल खर्च कम करने की भी योजना बनाई गई है। सरकारी सहायता प्राप्त केंद्रों में फुल-डे चाइल्डकेयर की फीस धीरे-धीरे घटाकर S$150 प्रति माह और फुल-डे इन्फेंट केयर की फीस S$300 प्रति माह करने का लक्ष्य है। यह बदलाव चरणबद्ध तरीके से लागू होगा और लक्ष्य 2030 तक हासिल करना है।
इसके अलावा, सिंगापुर नागरिक बच्चों वाले परिवारों के लिए पूर्ण चाइल्डकेयर और इन्फेंट-केयर सब्सिडी को रोजगार की स्थिति से अलग करने की भी योजना है।बच्चे की देखभाल के लिए कामकाजी माता-पिता को ज्यादा समय देने के लिए Childcare Leave भी बढ़ाई जाएगी। नई व्यवस्था में 12 साल या उससे कम उम्र के सिंगापुर नागरिक बच्चों वाले कामकाजी माता-पिता को बच्चों की संख्या के आधार पर 8, 10 या 12 दिन की चाइल्डकेयर लीव मिल सकेगी। सरकार बच्चे से जुड़ी छुट्टियों की लागत को भी तय सीमा तक नियोक्ताओं के लिए कवर करेगी, ताकि कर्मचारियों के छुट्टी लेने पर कंपनियों पर आर्थिक दबाव कम हो। सिंगापुर सरकार ने आवास को भी परिवार बढ़ाने की नीति से जोड़ा है। फरवरी 2027 से पहली बार घर खरीदने वाले ऐसे परिवार जिनके बच्चे हैं या बच्चा होने वाला है, उन्हें हर 18 साल या उससे कम उम्र के सिंगापुर नागरिक बच्चे के लिए BTO और SBF फ्लैट आवेदन में एक अतिरिक्त बैलेट मौका मिलेगा।
