UN महासभा से इतर शहबाज शरीफ की तारिक रहमान से मुलाकात, पाकिस्तान-बांग्लादेश सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 07:59 PM (IST)

संयुक्त राष्ट्र: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के जारी सत्र से इतर बांग्लादेश के अपने समकक्ष तारिक रहमान और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की तथा दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। शरीफ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि रहमान के साथ उनकी ''गर्मजोशी भरी और बेहद सौहार्दपूर्ण'' बातचीत हुई। उन्होंने कहा, ''हमारी उपयोगी चर्चा में प्रधानमंत्री रहमान और मैं व्यापार, निवेश, संपर्क, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में पाकिस्तान-बांग्लादेश द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमत हुए।

शरीफ ने कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर भी करीबी समन्वय बनाए रखेंगे। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र का अध्यक्ष पद संभालने पर भी बधाई दी। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब ढाका पाकिस्तान और चीन जैसे देशों के साथ अपने संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, जबकि पड़ोसी भारत के साथ उसके संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।

पेजेश्कियान के साथ अपनी मुलाकात के बारे में शरीफ ने कहा कि उन्होंने ''पाकिस्तान और ईरान के बीच गहरे और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों'' तथा ''आपसी हित के सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की साझा इच्छा'' की पुष्टि की। शरीफ ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं ने क्षेत्र में बदलती स्थिति पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने कहा, ''मैंने लंबे समय से जारी संघर्ष पर पाकिस्तान की गहरी चिंता दोहराई और संयम, तनाव कम करने तथा निरंतर कूटनीति की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के आधार पर आगे बढ़ने और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता की दिशा में ईमानदार तथा रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वह पेजेश्कियान की ''पाकिस्तान-ईरान मित्रता'' के प्रति प्रतिबद्धता तथा ''इस महत्वपूर्ण समय में क्षेत्रीय शांति के लिए करीबी समन्वय'' को बहुत महत्व देते हैं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की तेहरान यात्रा के कुछ दिन बाद हुई। नकवी ने ईरानी नेताओं और अधिकारियों के साथ बातचीत की थी। उनकी यात्रा का उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच जारी गतिरोध के बीच तनाव कम करने के लिए इस्लामाबाद के कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाना था। पाकिस्तान तेहरान और वाशिंगटन के बीच रुकी वार्ता को फिर से शुरू कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है। दोनों पक्षों ने जून में एक अंतरिम शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिस पर पाकिस्तान ने ''गारंटर'' के रूप में भी हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सैन्य तनाव बढ़ने के बाद यह प्रक्रिया बाधित हो गई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News