शरीफ की गिरफ्तारी को मीडिया में तवज्जो मिलने से पाक अधिकारी हैरान-परेशान

Saturday, Jul 14, 2018 - 05:06 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम शरीफ को गिरफ्तारी के बाद कहां रखा जाएगा इसे लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच भ्रम की स्थिति को वहां की मीडिया में आज काफी तवज्जो मिली है। शरीफ (68) और उनकी बेटी मरियम लंदन से स्वदेश लौटने पर लाहौर हवाईअड्डे पर उनकी गिरफ्तारी को पाकिस्तान में मीडिया ने बेहद प्रमुखता से दिखाया। दोनों को बाद में देर रात रावलपिंडी की अडियाला जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। 

शरीफ और उनकी बेटी मरियम को इस्लामाबाद स्थित जवाबदेही अदालत ने छह जुलाई को दोषी ठहराया था। यह लंदन में शरीफ परिवार के स्वामित्व वाली संपत्तियों के एवेनफील्ड मामले से जुड़ा है। यह शरीफ परिवार के खिलाफ दायर भ्रष्टाचार के तीन मामलों में से एक है।न्यूज इंटरनेशनल की खबर में कहा गया कि योजना के मुताबिक अधिकारियों ने उन्हें अडियाला जेल में रखने का फैसला किया जहां उन्हें ‘ बी ’ श्रेणी की सुविधाएं मुहैया कराई गईं। डान की खबर में कहा गया कि दोनों नेताओं को अलग - अलग पुलिस काफिले में कल अडियाला जेल में स्थानांतरित किया गया। अखबार ने गिरफ्तारी के बाद नेताओं को कहां रखा जाना है इसे लेकर भ्रम की स्थिति पर अधिकारियों की खिंचाई भी की।  

अखबार ने कहा कि अलग - अलग तरह की खबरों का दौर चलता रहा , कुछ में कहा गया कि नवाज और मरियम दोनों को अडियाला जेल में बंद रखा जाएगा जबकि कुछ में कहा गया कि मरियम को अलग किया जाएगा और उन्हें सिहाला रेस्ट हाउस में स्थानांतरित किया जाएगा। द नेशन अखबार ने अपने प्रथम पेज की मुख्य खबर ‘ शरीफ की गिरफ्तारी में हाई ड्रामा , जेल भेजे गए ’ में कहा कि ऐसी अफवाह थी कि दोनों को सिहाला रेस्ट हाउस भेजा जाएगा जिसे इस्लामाबाद प्रशासन ने कल ही उप - जेल भी घोषित किया था। इसमें कहा गया , ‘‘ इस बात को लेकर भी भ्रम की स्थिति थी कि हवाईअड्डे से जेल का सफर कैसे तय किया जाएगा। द नेशन ने सूत्रों का हवाला देते हुए कहा कि इस्लामाबाद प्रशासन ने मरियम को सिहाला रेस्ट हाउस भेजे जाने की अधिसूचना वापस ले ली।            
 

Isha

Advertising