पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस पर विदेशी मा-बेटी के साथ भीड़ ने की शर्मनाक हरकत,  Video वायरल

Thursday, Aug 18, 2022 - 12:32 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर घूमने आईं दो विदेशी लड़कियों के साथ भीड़ द्वारा की  शर्मनाक हरकत का वीडियो  सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना  14 अगस्त को पाकिस्तान के आजादी दिवस पर राजधानी इस्लामाबाद की है। वीडियो में दो विदेशी पर्यटक मां और बेटी को कुछ लोग घेरे हुए नजर आ रहे हैं।  वीडियो में देख सकते हैं कि कैसे महिला और उसकी बेटी डरी सहमी नजर आ रही है। वे किसी तरह उस जगह से निकलना चाहती हैं। इस बीच लोग उन पर तरह-तरह की कमेंट करते भी नजर आ रहे हैं। कुछ लोग अपने मोबाइल फोन पर उनका वीडियो भी बना रहे हैं। 

 

पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, इस्लामाबाद पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) पर राजधानी के एक पार्क शकरपेरियन हिल्स में महिलाओं से छेड़खानी करने के आरोप में चार पुरुषों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गिरफ्तारी हुई है। आबपारा पुलिस स्टेशन में सोमवार (15 अगस्त) को एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें कहा गया है कि पुरुषों की भीड़ ने स्वतंत्रता दिवस पर विदेशी महिलाओं को परेशान किया और उनका अपमान किया।

 

इसके बाद, अज्ञात पुरुषों के खिलाफ भी पाकिस्तान दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आज जारी एक बयान में कहा कि सज्जाद अहमद, अदील करीम, रियाज खान और जकीरुल्लाह के रूप में पहचाने गए चार संदिग्ध तक्षशिला के रहने वाले हैं। इस्लामाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने डॉन डॉट कॉम को बताया, "हमने संदिग्धों से घटना का वीडियो भी हासिल किया है।" उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डेटाबेस और पंजीकरण प्राधिकरण की मदद से पुरुषों की पहचान की गई। उन्होंने कहा कि आगे की जांच की जा रही है।
 

Tanuja

Advertising