सुपर मार्कीट में लुटेरों से भिड़ा सिक्योरिटी मैन, वीडियो वायरल

Tuesday, Feb 06, 2018 - 06:41 PM (IST)

कैलिफोर्नियाः सोशल मीडिया पर आजकल लूट के दौरान गोलीबारी का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। इस फुटेज में एक सिक्योरिटी मैन 2 लड़कों को गोली मारता दिख रहा है। वीडियो अमरीकी राज्य कैलिफोर्निया के गार्डेना का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि यहां एक सुपर मार्कीट में रात के वक्त 2 लड़के घुसे। दोनों ने सिर तक ढकी हुई हुड वाली टी शर्ट पहन रखी थी। दोनों स्टोर के अंदर इधर उधर देख रहे थे। लड़कों ने देखा कि स्टोर में ज्यादा लोग नहीं हैं और कैश काउंटर पर कैशियर अकेला है। 

दोनों लड़के मौका देख कैशियर पर बंदूक तान देते हैं। एक लड़का बंदूक के साथ ही कैशियर पर कूद पड़ता है। ये लोग कैशियर से पैसे छीन ही रहे होते हैं कि बाहर से गार्ड आ जाता है और गोली चला देता है। दोनों लुटेरों पर स्टोर का सिक्योरिटी गार्ड फायरिंग कर देता है। इस गोली बारी का वीडियो 11 जनवरी को यू ट्यूब पर अपलोड हुआ था। अब इस वीडियो को लेकर स्थानीय प्रशासन ने पूरी जानकारी मीडिया के सामने रखी है। ये पूरा वीडियो 30 दिसंबर 2017 का बताया गया है।

प्रशासन का कहना है कि ये दोनों लड़के जिनकी उम्र 16 साल के करीब की है, स्टोर में लूट के मकसद से आए थे। दोनों ने जब कैशियर के ऊपर बंदूक तानी तो इसपर बाहर बैठे गार्ड की नजर पड़ गई। गार्ड ने भी अपनी बंदूक निकाल उनसे लोहा लेना शुरू कर दिया। गार्ड की बंदूक देख आरोपी लड़के बोलने लगे कि हमारी पिस्टल नकली है। ये बात सुन गार्ड ने बोला कि लेकिन मेरी बंदूक असली है और गोली चला दी। गार्ड की गोली से दोनों लुटेरे घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों घायल लुटेरों को पास के अस्पताल ले गई जहां उनका इलाज हुआ। पूरी तरह से ठीक होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया जाएगा।

Advertising