तेजी से खिसक रहा धरती का चुंबकीय क्षेत्र, वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल हुआ खराब

Saturday, Jan 19, 2019 - 11:11 AM (IST)

न्यूयार्कः पृथ्वी का चुंबकीय उत्तरी ध्रुव बड़ी तेजी से खिसक रहा है इसीलिए वैज्ञानिकों ने वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल (डब्ल्यूएमएम) के नए अपडेट की तैयारी कर ली है। यह अपडेट 15 जनवरी को होना था लेकिन अमेरिका में कामबंदी के चलते इसमें देरी हो रही है। अब यह अपडेट 30 जनवरी को होना तय हुआ है।

वैज्ञानिक पत्रिका ‘नेचर’ में वैज्ञानिकों ने डब्ल्यूएमएम के अपडेट की सबसे बड़ी वजह पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र में तेजी से आ रहे बदलाव को ही बताया है। दरअसल भौगोलिक उत्तरी ध्रुव और चुंबकीय उत्तरी ध्रुव में अंतर होता है। भौगोलिक ध्रुव हमेशा अपनी जगह पर बना रहता है जबकि चुंबकीय ध्रुव लगातार खिसकता रहता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक पृथ्वी के गर्भ में होने वाली हलचलों का असर चुंबकीय क्षेत्रों पर पड़ता है।

धरती के भीतर लोहे के बहाव का इस पर सीधा असर पड़ता है। वैज्ञानिकों को फिलहाल यह नहीं पता है कि चुंबकीय क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलाव का सही कारण क्या है। समुद्र की जलधाराएं और धरती के गर्भ का पिघला लोहा भी इस पर असर डालते हैं, लेकिन इतनी तेज रफ्तार से यह परिवर्तन क्यों हो रहा है इस पर अब भी रहस्य बरकरार है।

Tanuja

Advertising