अब बिना ट्रांसप्लांट और दवाई के उगेंगे नए बाल; वैज्ञानिकों ने तैयार की बेहद आसान तकनीक, जानें कैसे करेगी काम
punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 02:02 PM (IST)
Bejing:बाल झड़ना और गंजापन आज बड़ी संख्या में लोगों की परेशानी है। इससे निपटने के लिए लोग दवाइयों से लेकर हेयर ट्रांसप्लांट तक का सहारा लेते हैं। अब चीन की बेइहांग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक नई बायोइलेक्ट्रॉनिक कंघी विकसित की है। इसका नाम डिटैंगलर सिस्टम रखा गया है। इस शोध को वैज्ञानिक पत्रिका 'नेचर कम्युनिकेशंस' में प्रकाशित किया गया है। यह सामान्य कंघी नहीं है, बल्कि इसमें विशेष इलेक्ट्रॉनिक दांत और दवा पहुंचाने की व्यवस्था दी गई है। फिलहाल इसका परीक्षण चूहों पर किया गया है और इसे पुरुषों में होने वाले गंजेपन के उपचार की संभावित तकनीक माना जा रहा है।

कैसे काम करती है यह खास कंघी?
इस कंघी में अलग-अलग लंबाई के इलेक्ट्रॉनिक दांत लगाए गए हैं। बालों पर फेरने के दौरान ये दांत एक विशेष विद्युत क्षेत्र तैयार करते हैं। शोध के अनुसार, इस बनावट से बनने वाला विद्युत क्षेत्र सामान्य सीध में लगे दांतों की तुलना में लगभग 2.63 गुना अधिक मजबूत होता है। यह विद्युत उत्तेजना बालों की जड़ों यानी हेयर फॉलिकल्स को सक्रिय करने में मदद करती है। इसके अलावा कंघी में दवा पहुंचाने का विशेष तंत्र भी है, जो बालों की वृद्धि से जुड़े औषधीय तत्वों को त्वचा की गहरी परतों तक पहुंचाने में मदद करता है।
चूहों पर प्रयोग में क्या निकला परिणाम?
वैज्ञानिकों ने टेस्टोस्टेरोन के कारण बाल झड़ने की समस्या से प्रभावित नर चूहों पर इसका परीक्षण किया। 28 दिनों के प्रयोग में अलग-अलग समूहों के नतीजे इस प्रकार रहे:
- बिना उपचार वाले चूहों में करीब 1 प्रतिशत बाल वापस उगे।
- केवल विद्युत उत्तेजना वाली कंघी के इस्तेमाल से बालों की वृद्धि करीब 40 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
- कंघी के साथ फिनास्टराइड देने पर यह आंकड़ा करीब 50 प्रतिशत रहा।
- कंघी के साथ मिनोक्सिडिल देने पर बालों की वृद्धि करीब 70 प्रतिशत तक पहुंची।
यह तकनीक गंजेपन के उपचार में नई संभावना जरूर पैदा करती है । फिलहाल इसके परिणाम चूहों पर किए गए प्रयोगों तक सीमित हैं। मनुष्यों पर इसकी प्रभावशीलता, सुरक्षा और लंबे समय तक होने वाले असर का पता लगाने के लिए आगे परीक्षण जरूरी होंगे।
