यमन में सेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त,  12 अधिकारियों की मौत

Wednesday, Apr 19, 2017 - 03:34 PM (IST)

रियादः यमन में युद्धरत सउदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने कहा कि मंगलवार को पूर्वी यमन में उसका एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें 12 सऊदी अधिकारियों की मौत हो गई। दो साल से ज्यादा पहले शुरू हुए युद्ध में सऊदी अरब की सेना के लिए यह अब तक की सबसे जानलेवा घटनाओं में से एक है।

गठबंधन ने कहा कि ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर पूर्वी प्रांत मारिब में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना ऐसे समय में हुई है जब अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस सउदी नेताओं के साथ यमन युद्ध पर चर्चा करने के लिए देश की राजधानी पहुंचे हैं।

गठबंधन में अधिकतर अरब के सुन्नी बहुल देश हैं। गठबंधन ने यमनी शिया विद्रोहियों को उखाड़ फेंकने के लिए अभियान शुरू किया है। हुती विद्रोहियों ने 2014 में यमन की राजधानी और कुछ दूसरे इलाकों पर कब्जा कर लिया और अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार को देश से भागने पर मजबूर कर दिया था। सऊदी अरब जाते समय मैटिस ने संवाददातओं से कहा कि वह संघर्ष के अंत के लिए राजनीतिक हल पर जोर देंगे।

Advertising