सऊदी में लड़कियों ने पहने बदन से चिपके कपड़े, मनोरंजन प्रमुख बर्खास्त

Tuesday, Jun 19, 2018 - 01:37 PM (IST)

रियादः सऊदी अरब में सर्कस में लड़कियों के बदन से चिपके हुए कपडे़ पहनने को लेकर देश के मनोरंजन प्रमुख को बर्खास्त कर दिया है। सरकारी ‘सऊदी प्रेस एजेंसी’ ने शाही फरमान का हवाला देते हुए ट्वीट किया है, ‘सऊदी जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष अहमद अल-खातिब को उनके पद से बर्खास्त किया गया है।’ 

एजेंसी ने इसका कोई कारण नहीं बताया है। सरकार का समर्थन करने वाली समाचार वेबसाइट ‘सबक’ के अनुसार, रियाद में सर्कस के विवादित शो में महिलाओं के ‘असभ्य’ कपड़े पहनने को लेकर खातिब को पद से हटाया गया है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में महिला सर्कसकर्मी गुलाबी रंग के बदन से चिपके हुए कपड़ों में नजर आ रही हैं। रूढ़िवादी इसकी कटु आलोचना कर रहे हैं। ट्विटर पर #NakedRussianWomenInRiyadh हैशटैग के साथ इस सर्कस के खिलाफ ट्वीट किए जा रहे थे। सऊदी के अधिकारियों ने इस मामले में प्रतिक्रिया मांगने पर कोई जवाब नहीं दिया।

Tanuja

Advertising