सीने के बाहर धड़कता है इस बच्ची का दिल, डाक्टर भी हैरान !

Wednesday, Sep 20, 2017 - 04:39 PM (IST)

मॉस्कोः अब तक आपने दिल की धड़कन सिर्फ महसूस करने के बारे में सुना होगा लेकिन रूस में एक बच्ची एेसी भी है जिसका दिल सीने के बाहर दिखाई भी देता है। रूस की रहने वाली विरसाव्या का दिल उनके सीने से बाहर धड़कता है। सीने के बाहर दिल पतली त्वचा से ढका हुआ है जिस कारण उसे पतले व मुलायम कपड़े पहनने होते हैं। वह न तो तेज भाग सकती है और न ही सामान्य बच्चों की तरह ज्यादा उछल कूद कर सकती है, क्योंकि ऐसा करने पर उसक दिल पर जोर पड़ता है। 

लेकिन आम बच्चों की ही तरह विरसाव्या को भी खेलना, कूदना, डांस करना और स्कूल जाना पसंद है। वो अपने दिल का विशेष ख्याल रखती है। विरसाव्या की मां ने जब उसे जन्म दिया तो उसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वो जीवित रह सकेगी। वहीं विरसाव्या की मां ने जब उसे देखा तो डर गई, लेकिन उसे यकीन हो गया कि उसकी बेटी बच जाएगी। इसके बाद वह अपनी बेटी को लेकर अमरीका के डॉक्टरों से मिली।

उसे उम्मीद थी कि सर्जरी की मदद से उसकी बेटी ठीक हो जाएगी, लेकिन हाई ब्लडप्रेशर के खतरे के कारण डॉक्टर्स ने सर्जरी करने से मना कर दिया। अब विरसाव्या की मां दुनियाभर में उसे लेकर घूम रही है ताकि उसे सामान्य बच्चों की तरह बना सके। डॉक्टरों के अनुसार विरसाव्या को थोरैको एब्डोमिनल सिंड्रोम है। मैडीकल साइंस के अनुसार ये दुर्लभ बीमारी है, दुनिया में 10 लाख में से किसी एक बच्चे को यह बीमारी होती है। इसमें बच्चे का दिल शरीर के बाहरी त्वचा की ओर होता है। आप आसानी से बच्चे के दिल की धड़कन सुन सकते हैं।

Advertising