56 टन का पुल ही उठा ले गए चोर, महीने बाद लगा पता

Saturday, Jun 08, 2019 - 03:42 PM (IST)

मास्कोः एटीएम से लेकर कार चोरी तक की घटनाएं सामान्य हैं। लेकिन रूस में एक ऐसी चोरी सामने आई है जिसके बारे में जान कर हर कोई हैरान रह गया। यहां शातिर चोरों ने 56 टन के एक पुल को ही गायब कर दिया। यह हैरान कर देने वाली घटना रूस के आर्कटिक क्षेत्र में हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, रूस के मुर्मनस्क क्षेत्र में उंबा नदी पर बने पुल के 75 फुट का हिस्सा गायब हो गया है।

हालांकि, यह पुल अब इस्तेमाल में नहीं है। इस पुल के रहस्यमय तरीके से गायब होने की चर्चा रूस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीके पर शुरू हुई थी। सोशल मीडिया में वीके पेज पर जारी फोटो में पुल के बीच के हिस्से को पानी में गिरा दिखाया गया था। इसके बाद दस दिन के अंदर-अंदर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर और भी कई फोटो डाले गए। जिसमें पुल का कहीं कुछ अता-पता ही नहीं था।

पानी में गिरे पुल का मलबा भी गायब हो गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेटल की चोरी करने वालों ने पहले पुल को पानी में गिराया और फिर धीरे-धीरे उसे गायब कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अशंका जताई है कि यह स्क्रैप चुराने वाले गिरोह का काम हो सकता है।

Tanuja

Advertising