रूस को अमेरिकी सूची का अध्ययन करने में वक्त लगेगा: क्रेमलिन

Wednesday, Jan 31, 2018 - 01:34 AM (IST)

मास्को: रूस ने मंगलवार को कहा कि रूसी अधिकारियों और कारोबारी नेताओं पर अमेरिकी वित्त मंत्रालय के प्रतिबंध की सूची का अध्ययन करने में वक्त लगेगा। हालांकि देश ने इसे भावनात्मक रूप देने से परहेज किया। 

क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘‘ हमें इस प्रकाशन का विश्लेषण करना है, खासतौर पर इस सूची का जिसमें रूस के शीर्ष नेतृत्व के उच्चतर सदस्य शामिल हैं जो बिल्कुल अप्रत्याशित है।’’ उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब हमारे खिलाफ इतनी आक्रामक टिप्पणी की गई है। इसलिए हमें इसे भावनात्मक रूप नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा,‘‘ बहुत सावधानी बरतना अहम है, क्योंकि यह जटिल है जिसे समझने की जरूरत है।’’ प्रवक्ता ने बताया कि सबका नाम सूची में डाल दिया गया है। उनका नाम भी इस फेहरिस्त में शामिल है। इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता है। 

उन्होंने कहा कि हम इस तथ्य की ओर ध्यान दिलाना चाहते हैं कि इन सभी लोगों को अमेरिका का दुश्मन कहा गया है, क्योंकि दस्तावेज बताते हैं कि यह अमेरिकी दुश्मनों के खिलाफ कानून के मुताबिक किया गया है। सूची सोमवार को आई है और इसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रशासन के वरिष्ठ नाम शामिल हैं। इस सूची में 114 सियासतदान और 96 कारोबारी नेता हैं। अमेरिका इन्हें पुतिन का करीबी मानता है। इसमें से प्रत्येक के पास कम से कम एक अरब डॉलर की संपत्ति है। 

Advertising