''अमरीका और रूस के संबंध सबसे खराब दौर में ''

Monday, May 15, 2017 - 05:25 PM (IST)

वाशिंगटनः अमरीका और रूस के संबंध इस समय शीतयुद्ध के बाद के सबसे खराब दौर में हैं। रूस के साथ रिश्तों को बेहतर बनाने और विश्वास के स्तर को बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताते हुए अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने यह बात कही है। NBC न्यूज के टॉक शो 'मीट द प्रेस' में टिलरसन ने कहा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साफ कर चुके हैं कि वे रूस के साथ संबंध बेहतर करने की दिशा में काम करना महत्वपूर्ण समझते हैं।

अभी संबंध भरोसे के लिहाज से सबसे निचले स्तर पर हैं। हमें यह देखना होगा कि दुनिया के  2 सबसे बड़े परमाणु संपन्न देशों के बीच संबंधों को कैसे सुधारा जा सकता है, क्योंकि यह अमरीका, रूस और पूरी दुनिया के हित में है। रूस के साथ संबंधों पर यूरोपीय नेताओं से बातचीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इस दिशा में कदम उठाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मुझसे भी महत्वपूर्ण कदम उठाने को कहा है।

गौरतलब है कि ट्रंप रूस के साथ मजबूत संबंधों के पैरोकार रहे हैं। उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए रूस पर अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप करने का आरोप है। सत्ता में आने के बाद ट्रंप ने रूस के बेहद करीबी माने जाने वाले टिलरसन को विदेश मंत्री भी बनाया। लेकिन, अप्रैल में सीरिया में रासायनिक हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव चरम पर है।

 


 

Advertising