अब रूस में नाबालिग ने 'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाते पुलिसवाले पर किया चाकू से हमला

Saturday, Oct 31, 2020 - 12:53 PM (IST)

मॉस्कोः  फ्रांस में पैगंबर कारटून विवाद के बीच पहले एक टीचर और फिर चर्च में 3 लोगों की निर्मम हत्या के बाद अब रूस में भी एक ऐसा मामला सामने आया है ।  रूस में एक नाबालिग लड़के ने 'अल्लाहू अकबर' चिल्लाते हुए पुलिसवाले को चाकू मार दिया। 16 साल के इस लड़के ने पुलिसवाले पर 3 बार चाकू से वार किए जिसके बाद उसके साथी पुलिसवाले ने लड़के को गोली मार दी। इस लड़के की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।  इससे पहले सऊदी अरब से खबर आई है कि फ्रांस के कॉन्सुलेट के बाहर गार्ड को चाकू मार दिया गया।  गुरुवार को फ्रांस के नीसे में एक ट्यूनीशियाई हमलावर ने तीन लोगों को मार दिया था।

 

रूसी समाचार एजेंसी के मुताबिक ये युवक चाकू और पेट्रोल बम से लैस था।  इसने पुलिसवाले पर पीछे से तीन घातक वार किए। ये घटना रूस के कुक्मोर शहर की बताई जा रही है। रूस का ये इलाका मुस्लिम बहुल है और यहां भी फ्रांस के खिलाफ प्रदर्शन हुआ था।  रूस की जांच एजेंसी ने इस घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चाक़ू से वार करने से पहले युवक जोर से 'अल्लाहू अकबर' चिल्लाया था।  इस लड़के ने पुलिसवालों को 'काफिर' भी कहा था।  जांच में सामने आया है कि ये युवक पुलिस स्टेशन की बिल्डिंग में आग लगाने के इरादे से आया था। 

 

फ्रांस के हमलावर के हाथ में थी कुरान
एंटी टेरेरिस्ट एजेंसी की जांच में सामने आया है कि फ्रांस के शहर नीस में गुरूवार को एक गिरजाघर में लोगों पर चाकू से हमला करने वाले ट्यूनीशियाई हमलावर के हाथ में कुरान  भी थी। इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई थी।  फ्रांस के आतंकवाद निरोधी अभियोजक ने बताया कि संदिग्ध एक ट्यूनीशियाई है। उसका जन्म 1999 में हुआ था और वह 20 सितम्बर को लैंपड्यूसा के इतालवी द्वीप पहुंचा था और 9 अक्टूबर को दक्षिणी इटली के एक बंदरगाह शहर बारी पहुंचा। रिकार्ड ने बताया कि हमलावर के पास पवित्र ग्रंथ कुरान की एक प्रति और दो फोन थे। 

Tanuja

Advertising