रूस की सैन्य डिपो में आग लगी, एक की मौत, हजारों को निकाला गया

Tuesday, Aug 06, 2019 - 09:40 PM (IST)

मॉस्कोः साइबेरिया के एक सैन्य डिपो में शक्तिशाली विस्फोट होने और आग लगने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। इस घटना के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर जाने को मजबूर होना पड़ा। रूस के जांच अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पूर्वी साइबेरिया के क्रास्नोयार्स्क क्षेत्र के अचिंस्क शहर के पास सैन्य विस्फोटक सामग्री डिपो में सोमवार को आग लग गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने इंटरनेट पर घटना से संबंधित कई फुटेज पोस्ट किए। जांच समिति ने कहा कि आग और विस्फोटों के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ घायल हो गए।

क्षेत्रीय अधिकारियों ने पहले कहा था कि दुर्घटना में एक व्यक्ति लापता हो गया और 12 घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार तक आग बुझ गई। जांच समिति ने कहा कि उसने इस मामले में एक आपराधिक जांच शुरू की है। समिति ने बताया कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने कहा कि अचिंस्क और आस-पास के इलाकों से 9,500 से अधिक लोगों को निकाला गया।

 

Pardeep

Advertising