Live Updates: रूस ने यू्क्रेन के ईधन आपूर्ति केंद्रों व हवाई अड्डों को बनाया निशाना, युद्ध में मारे गए 3500 रूसी सैनिक !

Sunday, Feb 27, 2022 - 01:04 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जारी हमले के दौरान उसके हवाई अड्डों और ईंधन सुविधा केंद्रों को निशाना बनाया है। यह हमले का दूसरा चरण प्रतीत हो रहा है, जो तीव्र प्रतिरोध के कारण धीमा हुआ है। ताजा खबर के अनुसार  युद्ध में रूस को  भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है । जिनेवा स्थित मानवाधिकार संगठन ‘इंटरनेशनल कमिटी ऑफ रेड क्रॉस' ने कहा है कि वह यूक्रेन में मारे गए रूसी सैनिकों के शवों को उनके देश को लौटने के संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत तथा अन्य के अनुरोधों से अवगत है लेकिन उसके पास सैन्य कार्रवाई में मारे गए सैनिकों की सटीक संख्या नहीं है।

 राजदूत सर्गेई किसलित्स्या ने शनिवार को ट्वीट किया कि यूक्रेन ने आईसीआरटीसी से यूक्रेन में आक्रमण के दौरान मारे गए ‘‘हजारों रूसी सैनिकों के शवों को उनके देश भेजने'' की अपील की है।  दावा है कि रूस के 3,500 सैनिक मारे गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि रूस में अभिभावकों को ‘‘सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार'' करने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस त्रासदी को छिपाने न दिया जाए।

LIVE Updates:

  • यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूस के सैनिक देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घुस गए हैं और सड़कों पर लड़ाई जारी है। खारकीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने रविवार को बताया कि यूक्रेनी सेना शहर में रूसी सैनिकों से लड़ रही है और उन्होंने नागरिकों से घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा है।
     
  • खारकीव रूस की सीमा से 20 किलोमीटर की दूरी पर है और रूसी सैनिक खारकीव में घुस गए है। इससे पहले तक वे शहर के बाहरी इलाके में ही थे और उन्होंने शहर में घुसने की कोशिश नहीं की थी। यूक्रेन की मीडिया और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रूसी वाहन खारकीव में चक्कर लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं और एक वाहन सड़क पर जलता दिख रहा है।
     
  • यूक्रेन पर हमले के बाद अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने रूस पर तमाम तरह के प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है।अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और आर्मी चीफ की संपत्तियों को जब्त करने का ऐलान किया है।
     
  • अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन ने शुक्रवार को कहा था कि यूक्रेन पर हमला करने के एवज में रूस को इसका खामियाजा भुगतना होगा।क्योंकि रूस के इस बेवजह हमले की वजह से यूक्रेन के लोग संकट का सामना कर रहे हैं। इसकी रूसी सरकार को एक गंभीर आर्थिक और राजनयिक कीमत चुकाएगी।
     
  • यूक्रेन में फंसे 2,400 से ज्यादा पाकिस्तानी छात्रों को सुरक्षित पोलैंड पहुंचाया गया है। यूक्रेन में पाकिस्तान के राजदूत नोएल इजराइल खोखर ने शनिवार को यह जानकारी दी। यूक्रेन में फंसे लगभग तीन हजार पाकिस्तानी छात्रों के भविष्य के बारे में शोर मचने के बाद खोखर ने दूतावास के ट्विटर हैंडल पर एक ध्वनि संदेश डाला।


 

  • संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन में चल रही लड़ाई में कम से कम 240 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है जिनमें से कम से कम 64 लोगों की मौत बृहस्पतिवार को हुई। हालांकि, उसका मानना है कि ‘‘वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है'' क्योंकि मारे गए लोगों की कई खबरों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
     
  • यूक्रेन से बाहर निकलने वाली सड़कों पर वाहनों की मीलों लंबी कतारें लगी हैं और हजारों लोग रूस के हमले से बचने के लिए पड़ोसी देशों में भाग रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने शनिवार को कहा कि अब तक लगभग एक लाख बीस हजार लोगों ने यूक्रेन से भागकर पोलैंड तथा अन्य पड़ोसी देशों में शरण ली है। 
     
  • पश्चिमी देशों द्वारा रूस के बैंकों को स्विफ्ट मैसेजिंग सिस्टम से प्रतिबंधित करने के फैसले का यूक्रेन ने स्वागत किया है। यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्यामल ने ट्विटर पर लिखा है कि, आप सभी का आभार। आपने इस समय में हमारा समर्थन किया। यूक्रेन के लोग इसे कभी नहीं भूलेंगे।


     
  • अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि, हमारे पास दो ही विकल्प हैं एक यह है कि हम रूस से सीधे लड़ें। यह तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत होगी। दूसरा यह है कि, यह सुनिश्चित किया जाए कि जो भी देश अंतरराष्ट्रीय काूनन का उल्लंघन करने उसे इसकी कीमत चुकानी पड़े।
     
  • यूक्रेन में जंग छेड़ चुके रूस को कई आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच रूसी सेंट्रल बैंक के पूर्व शीर्ष अधिकारी ने आशंका जताई है कि, सोमवार तक रूसी मुद्रा बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। 
     
  •  अमेरिका और यूरोपीय संघ  ने यूक्रेन को हथियार एवं गोला-बारूद मुहैया कराए हैं तथा रूस को और अलग-थलग करने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए । यूक्रेन की राजधानी कीव के दक्षिण में रविवार तड़के बड़े विस्फोट हुए और लोग रूसी बलों द्वारा बड़े पैमाने पर हमले किए जाने की आशंका के कारण अपने घरों, भूमिगत गैराजों और उपनगर स्टेशनों में छिप गए। जेलेंस्की ने संकल्प लिया, ‘‘हम अपने देश को आजाद कराने के लिए अंतिम समय तक लड़ते रहेगे।'' सरकार ने 39 घंटे का कर्फ्यू लागू किया है, ताकि लोग सड़कों पर नहीं निकलें।

  • यूक्रेन से 1,50,000 से अधिक लोग पोलैंड, मोलदोवा और अन्य देशों में चले गए हैं और संयुक्त राष्ट्र ने सचेत किया है कि यदि युद्ध जारी रहा, तो यह संख्या 40 लाख से अधिक हो सकती है। अमेरिका ने टैंक-रोधी हथियारों और छोटे हथियारों सहित यूक्रेन को 35 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता देने का संकल्प लिया है।
     
  • जर्मनी ने कहा कि वह यूक्रेन को मिसाइल और टैंक रोधी हथियार भेजेगा और रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर देगा। यूक्रेन पर रूसी हमले के मद्देनजर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों एवं साझेदारों ने वैश्विक वित्तीय तंत्र ‘स्विफ्ट' वित्तीय प्रणाली से प्रतिबंधित रूसी बैंकों को अलग करने और रूस के केंद्रीय बैंक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने का फैसला किया है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस युद्ध में तीन बच्चों समेत 198 लोगों की मौत हुई है और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

Tanuja

Advertising