नाटो के महासचिव स्टॉल्टेनबर्ग बोले- रूस ने यूक्रेन पर हमला कर यूरोप की शांति को भंग किया

Thursday, Feb 24, 2022 - 05:59 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: नाटो के महासचिव जेन्स स्टॉल्टेनबर्ग ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से यूरोपीय महाद्वीप की शांति भंग हो गई है। स्टॉल्टेनबर्ग ने शुक्रवार को नाटो गठबंधन के नेताओं का शिखर सम्मेलन बुलाने का आह्वान किया है। रूस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर आक्रमण कर उसके शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले या गोलीबारी की। यूक्रेन सरकार ने कहा कि रूसी टैंक और सैनिक सीमा पर घूम रहे हैं। साथ ही उसने रूस पर ''पूर्ण युद्ध'' छेड़ने का भी आरोप लगाया।

हमले में अब तक 40 लोग मारे गए 
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एक सलाहकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश पर रूसी हमले में अब तक करीब 40 लोग मारे जा चुके हैं। राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि हमले में कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या हताहतों में आम नागरिक भी शामिल हैं। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के अधिकारी देश की रक्षा के इच्छुक सभी लोगों को हथियार सौंपेंगे। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यूक्रेन के लोगों का भविष्य हर यूक्रेनी पर निर्भर करता है।'' राष्ट्रपति ने उन सभी लोगों से आगे आने का आग्रह किया जो देश की रक्षा कर सकते हैं।

अंकारा: तुर्की में यूक्रेन के राजदूत ने उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देश से अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने और रूसी जहाजों के लिए काला सागर के प्रवेश द्वार पर जलडमरूमध्य को बंद करने का आह्वान किया। कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार मायखाइलो पोडोलीक ने कहा है कि रूसी सेना ने उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन पर हमला शुरू किया है। सलाहकार ने कहा, ‘‘यूक्रेनी सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है।" 

यूक्रेन पर रूसी हमले की विश्व के नेताओं ने बृहस्पतिवार को निंदा की। उन्होंने इसे ‘एक अनुचित और बर्बर कृत्य' करार दिया और रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने समेत हमले के लिए ‘क्रेमलिन' को जिम्मेदार ठहराने की बात कही। यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रूस की कार्रवाई को एक स्वतंत्र राष्ट्र पर ‘‘बर्बर हमला'' कहा, जिसने ‘‘यूरोप में स्थिरता और संपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शांति व्यवस्था'' को भी निशाना बनाया है। लेयेन ने कहा हम मिलकर इसके लिए व्लादिमीर पुतिन को जिम्मेदार ठहरायेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम यूरोपीय नेताओं के समक्ष अनुमति के लिए बड़े और लक्षित प्रतिबंधों का पैकेज पेश करेंगे।'' 

rajesh kumar

Advertising