7.5 लाख रुपए में बिका लाल अंगूरों का छोटा सा गुच्छा

Wednesday, Jul 10, 2019 - 12:29 PM (IST)

टोक्योः कुछ समय पहले लाखों रुपए में बिकने वाले खरबूजे के बाद अब लाल अंगूर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।वजह है इन अंगूरों की कीमत जिसको जानकर आपके भी होश उड़ा देगी। जापान में लाल अंगूरों का एक गुच्छा 12 लाख येन (करीब 7.5 लाख रुपए) में बिका है।

बेहतरीन किस्म के इस अंगूर की किस्म का नाम रूबी रोमन है। यह आकार में बड़ा और स्वाद में बेहद मीठा व रसीला होता है। इसके हर दाने का वजन 20 ग्राम से भी ज्यादा होता है। अंगूर की इस किस्म को जापान के इशिकावा प्रांत में खेती से जुड़ी सरकारी समिति ने तैयार किया है। जापान के इन लाल अंगूर के आकार को देखकर आप हैरान हो जायेंगे क्योंकि ये क्रेजी बॉल के आकार के होते हैं।

ये अंगूर केवल जापान में ही उगाए जाते हैं। इसके एक गुच्छे में 30 अंगूर होते हैं और एक अंगूर का वजन 20 ग्राम तक होता है। कनाजावा के थोक बाजार में मंगलवार को इस अंगूर की रिकार्ड बोली लगाई गई।

नीलामी में अंगूर के इस गुच्छे को ह्याकुराकुसो नाम की एक कंपनी ने खरीदा। यह कंपनी जापान में होटल के कारोबार से जुड़ी है। इशिकावा सहकारी समिति का कहना है कि वह सितंबर तक रूबी रोमन किस्म के करीब 26 हजार गुच्छे निर्यात करेगी।

Tanuja

Advertising