Royal wedding: शाही शादी में साड़ी में लिपटी भारतीय महिलाओं का रहा जलवा

Saturday, May 19, 2018 - 03:28 PM (IST)

इंटरनैशनल डेस्कः विंडसर कैसल में प्रिंस हैरी एवं मेगन मार्कल की शादी में आज आमंत्रित विशेष मेहमानों में चार भारतीय महिलाएं खूबसूरत सिल्क और ऑर्गैंजा की साडिय़ों में नजर आई।  मैना महिला फाउंडेशन की संस्थापक सुहानी जलोटा इस सप्ताह की शुरुआत में अपनी तीन अन्य सहयोगियों के साथ मुंबई से ब्रिटेन पहुंचीं।

सस्ती दर पर सैनिटरी नैपकिन बनाने वाली और मुंबई की झुग्गी झोपड़ी बस्तियों में इन्हें वितरित करने वाली उनकी महिला सशक्तिकरण धर्मार्थ संस्था ब्रिटेन के बाहर की एकमात्र ऐसा संस्था है, जिसे शाही दंपति ने आमंत्रित अतिथि के तौर पर चुना है।  सुहानी जलोटा के समूह ने शाही शादी के इस भव्य आयोजन के लिये अपने परिधान के तौर पर पेस्टल रंग की चमकीली बनारसी और चंदेरी साडिय़ां चुनीं। इन साडिय़ों को भारतीय कंपनी रॉ मैंगो ने बनाया है।

उन्होंने नवदंपति को उपहार स्वरूप देने के लिए विशेष तौर पर हाथ से बना उपहार चुना। उपहार में मैना पक्षी की एक पेंटिंग है और उस पर सभी महिलाओं की ओर से मेगन मार्कल के लिये संदेश लिखा है। सुहानी ने बताया , ‘‘ संदेश कैलिग्राफी में लिखा है क्योंकि मार्कल खुद एक कैलिग्राफी कलाकार हैं।

सामाजिक कार्यों के लिए किया गया आमंत्रित
बता दें कि प्रिंस हैरी द्वारा इस शादी में शामिल होने के लिए मैना महिला फाउंडेशन की संस्थापक सुहानी जलोटा और उनके तीन अन्य सहयोगियों डेबोरा दास, अर्चना अम्बेर और इमोजेन मैन्सफील्ड को खास तौर पर आमंत्रित किया गया है।

ये लोग शाही शादी में प्रिंस हैरी को मिलने वाले उपहारों को सामाजिक कार्यों में इस्तेमाल करेंगी। बता दें कि तीनों इस हफ्ते के शुरुआत में ही मुंबई से यूके पहुंची। जलोटा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'हम सभी इस शादी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है कि मर्केल ने हमें इस शादी में आमंत्रित किया और कहा कि वह हमें हर तरह से मदद करेगी।'

Isha

Advertising