थाईलैंड के राजा का शाही संस्कार, सोने के रथ में हुई अंतिम विदाई

Friday, Oct 27, 2017 - 07:13 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: थाईलैंड के राजा अदुल्यादेज भूमिबोल का वीरवार को शाही अंतिम संस्कार किया गया। अदुल्यदेज का पिछले साल 13 अक्टूबर को निधन हो गया था। उनके शाही अंतिम संस्कार के लिए पिछले एक साल से तैयारी चल रही थी। भूमिबोल वर्ष 1950 में थाईलैंड के राजा बने थे। पांच दिन के इस अंतिम संस्कार में तकरीबन अढ़ाई लाख लोग शामिल हुए।

दाह संस्कार के लिए 185 फीट ऊंचा सोने जैसा चमकता श्मशान बनाया गया। यह अब तक का सबसे महंगा अंतिम संस्कार है। वीरवार को दरबार हाल से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई और राजा का पार्थिव शरीर महल से बाहर लाया गया। राजा के शव को सोने की पालकी में रखकर एस्केलेटर से श्मशान स्थल ले जाया गया। जैसे ही राजा का शव पहुंचा, तो तोपों की सलामी दी गई। बौद्ध परंपरा से उनका दाह संस्कार किया गया। चिता तक की दो किलोमीटर की दूरी तीन घंटे में पूरी हुई।


भूमिबोल ने करीब सात दशक तक थाईलैंड की राजगद्दी संभाली। उन्होंने अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए देश को संकट से उबारा। विकास के कार्यों के लिए सरकारों को दिशा-निर्देश देते रहे।

राजा भूमिबल दो सौ साल पुराने चकरी राजवंश के 9वें राजा थे। वो दुनियाभर में सबसे लंबे समय तक राज करने वाले राजा के तौर पर जाने जाते हैं। उनके 70 साल लंबे राज में देश में 12 प्रधानमंत्री बदले। इसके अलावा लगभग 10 बार सैन्य-तख्तापलट की नाकाम कोशिश भी हुई। अंतिम संस्कार के लिए देश की मिलिट्री सरकार ने 3 बिलियन बाह्त (करीब 582 करोड़ रूपए) की रकम भी जारी की।

Advertising