चीन की साजिशः विश्व भर में बना रहा अपनी पुलिस चौकियां, टेंशन में अंतर्राष्ट्रीय फोरम

Sunday, Nov 13, 2022 - 03:13 PM (IST)

बीजिंगः अपनी महत्कांशाओं को पूरा करने के लिए चीन किसी सीमा को पार करने से गुरेज नहीं कर रहा है। इसी क्रम में चीन  विश्व भर में अपनी पुलिस चौकियों को तेजी से स्थापित कर रहा है। चीन की हरकत पर अंतर्राष्ट्रीय फोरम नेचिंता जताते हुए कहा है कि यदि इस ओर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो विभिन्न देशों में संप्रभुता के संतुलन को लेकर गंभीर परिणाम सामने आएंगे।

 

अधिकार और सुरक्षा के लिए अंतर्राष्ट्रीय फोरम का कहना है कि चीन की सरकार ने राजनीतिक असंतुष्टों और विदेश में रहने वाले नागरिकों को प्रताड़ित करने के लिए विभिन्न देशों में अघोषित रूप से थाने खोल लिए हैं। दूसरे देश में इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना उस देश के संप्रभुता अधिकार का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है जिसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। फोरम की रिपोर्ट के अनुसार चीन 21 देशों और पांच महाद्वीपों के 25 शहरों में 54 विदेशी सेवा केंद्र संचालित कर रहा है। रिपोर्ट के बाद कनाडा और नीदरलैंड के अधिकारियों ने ऐसे गैरकानूनी केंद्रों और उनके संचालन की प्रकृति की जांच शुरू कर दी है। इंग्लैंड और स्काटलैंड ने भी कहा है कि इस तरह के कदमों पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए वह भी जांच करेगा।

 

इन पुलिस थानों का एक अन्य उद्देश्य उन असंतुष्टों को धमकाना है जो चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) की वैचारिक कार्यप्रणाली से अलग हैं। हालांकि चीन इस मामले पर कई बार अपना रुख स्पष्ट कर चुका है लेकिन उस पर लगे आरोपों को कभी स्पष्ट रूप से खंडन नहीं किया है। इस मामले पर अलग-अलग चीनी दूतावास अलग-अलग जवाब दे चुके हैं। फोरम ने एक स्पेनिश नागरिक अधिकार समूह की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि फूजौ और किंग्टियन शहरों से चीनी सेना दुनिया भर में पुलिस स्टेशन चला रही है। इसके माध्यम से चीनी सेना दुनिया के कई देशों में रह रहे विदेशी चीनी नागरिकों को वापस अपने देश लौटने पर राजी कर रहे हैं।

Tanuja

Advertising