वैज्ञानिकों को मिले सतरंगी पंखों वाले डायनासोर  के जीवाश्म

Thursday, Jan 18, 2018 - 12:36 PM (IST)

बीजिंगः वैज्ञानिकों को16 करोड़ वर्ष पूर्व पाए जाने वाले सतरंगी पंखों वाले डायनासोर  के जीवाश्म मिले हैं। छोटे आकार वाले इस पक्षी की नाक पर हड्डी की कलगी और पंख इंद्रधनुषी रंग के थे। चीन के हेबै प्रांत में मिले जीवाश्म का अध्ययन कर इस पक्षी का नाम काइहोंग जुजि दिया गया। चीनी भाषा मैंडरिन में काइहोंग का अर्थ इंद्रधनुष होता है।

युनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास की प्रो. जुलिया क्लार्क ने बताया कि जुरासिक काल के इस पक्षी के सतरंगी पंख विपरीत लिंग को आकर्षित करते थे। वर्तमान में पाए जाने वाले हमिंग बर्ड की तरह ही काइहोंग के गर्दन, सिर और सीने के पंख रंग-बिरंगे थे। काइहोग के पंख में मेलानोसोम्स नामक तत्व पाया जाता था जो पंखों के रंग-बिरंगे होने का प्रमुख कारक था। दूसरे डायनासोर में भी काइहोंग की तरह ही हड्डी की कलगी होती थी।

इससे साफ है कि जुरासिक काल के जीव वैज्ञानिकों के अनुमान के विपरीत रंग-बिरंगे भी थे। चाइनीज अकादमी ऑफ साइंसेज के प्रो. जिंग जू के अनुसार डायनासोर काल के पक्षियों से अलग काइहोंग का सिर लंबा और संकरा था। इन्हीं विशेषताओं के कारण वैज्ञानिक इस पक्षी को वर्तमान में पाए जाने वाले पक्षियों का सबसे नजदीकी संबंधी भी बता रहे हैं।
 

Advertising