पुतिन ने बाढ़ प्रभावित इरकुत्स्क क्षेत्र में सेना को भेजने का दिया आदेश

Sunday, Jun 30, 2019 - 10:10 PM (IST)

मास्कोः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू को बाढ़ प्रभावित इरकुत्स्क क्षेत्र जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य में सेना को लगाने का निर्देश दिया है। पुतिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘पुतिन ने ब्रात्स्क में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर रात हुई बैठक के दौरान रक्षा मंत्री को जरूरत पडने पर आपातकाल मंत्रालय के साथ में राहत एंव बचाव कार्यों में सेना को लगाने का आदेश दिया।'' पुतिन ने रविवार को ब्रात्स्क का दौरा किया और वहां के स्थानीय अधिकारियों और संघीय एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बाढ़ की स्थिति को लेकर चर्चा की। इरकुत्स्क क्षेत्र में भीषण बाढ़ के कारण इस समय आपातकाल लागू है।

इस दौरान पुतिन ने कहा कि वह बाढ़ की स्थिति को लेकर तीन जुलाई को मास्को में एक और बैठक करेंगे। स्थानीय सरकार के अनुसार बाढ़ के कारण 1,700 आवासीय इमारतें प्रभावित हुई हैं। वहीं इरकुत्सक क्षेत्र में स्थित रूस के आपातकालीन मंत्रालय के कार्यालय ने शनिवार को बताया कि बाढ़ के कारण 3,700 घर प्रभावित हुए हैं।  बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 42 अस्थाई शिविर बनाए गए हैं, जिसमें से 15 शिविरों में 1,300 से अधिक लोग रह रहे हैं।

 

Pardeep

Advertising