पुतिन का चौथा कार्यकाल शुरू,  रूस की ताकत और समृद्धि बढ़ाने का किया वादा

Tuesday, May 08, 2018 - 09:30 AM (IST)

मॉस्को :  2 दशक लंबा कार्यकाल पूरा कर चुके व्लादिमीर पुतिन (65) ने आज चौथी बार रूस के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।  शपथ ग्रहण समारोह में वह  इस बार रूस में बनी लिमोजिन कार से आए जबकि इसके पहले वह मर्सिडीज कार से आते थे। पुतिन ने रूस के लोगों को उनके समर्थन और प्रेम के लिए धन्यवाद दिया व कहा कि उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास है ।

वे राष्ट्राध्यक्ष होने के नाते  रूस की ताकत और समृद्धि को बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।   पुतिन ने अपने नए कार्यकाल के दौरान रूसी लोगों का जीवनस्तर सुधारने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि लोग अब बेहतर जीवन जिएंगे। पुतिन का अगले 6 वर्षों का चौथा कार्यकाल ऐसे समय शुरू हुआ है जब पश्चिम में अपने समकक्षों के साथ उनके संबंध तनावपूर्ण हैं।  पुतिन 1999 से ही सत्ता में हैं। मार्च के चुनाव में जीत के बाद वह जोसेफ स्टालिन के बाद सबसे लंबे समय तक रूसी नेता बने रहने की राह में आगे बढ़ गए हैं। 

बेशक इस समय उन्हें कई अंतर्राष्ट्रीय विवादों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन उन्होंने वादा किया है कि वह अपने चौथे कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था में नई जान डालेंगे।  राष्ट्रपति पद की शपथ लेते हुए पुतिन ने कहा कि रूस के वर्तमान और भविष्य के लिए हर संभव कार्य  वह अपना कर्तव्य और अपने जीवन का लक्ष्य मानते हैं। गौरतलब है कि महज 2 दिन पहले ही देश भर में पुतिन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के नेता एलेक्सी नावाल्नी सहित करीब 1,600 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।

नावाल्नी को मार्च का चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था। यूरोपीय संघ ने पुलिस की इस कार्रवाई की आलोचना की। फर्जीवाड़े के एक मामले में दोष साबित होने के बाद उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि उनके समर्थकों का कहना है कि यह राजनीति  प्रेरित है। संविधान के अनुसार वह 2024 का चुनाव नहीं लड़ सकते। लेकिन पुतिन ने अपने उत्तराधिकारी के संबंध में कोई संकेत नहीं दिए हैं।
 

Tanuja

Advertising