यूक्रेन की अर्थव्यवस्था 2022 में 35 प्रतिशत सिकुड़ सकती है : विश्व बैंक

punjabkesari.in Tuesday, Oct 04, 2022 - 07:37 PM (IST)

वाशिंगटन, चार अक्टूबर (भाषा) रूस के साथ आठ महीने से युद्ध झेल रही यूक्रेन की अर्थव्यवस्था इस साल 35 प्रतिशत सिकुड़ सकती है।
विश्व बैंक ने यह अनुमान लगाते हुए कहा है कि देश के पुनर्निर्माण पर कम से कम 349 अरब डॉलर खर्च होंगे, जो यूक्रेन की युद्ध-पूर्व अर्थव्यवस्था के आकार का 1.5 गुना है।

यूरोप और मध्य एशिया के लिए विश्व बैंक की उपाध्यक्ष एना बजेर्दे ने कहा, ‘‘यूक्रेन को भरपाई और पुनर्निर्माण परियोजनाओं के लिए भारी वित्तीय सहायता की आवश्यकता है क्योंकि युद्ध अनावश्यक रूप से जारी है।’’
यूक्रेन की अर्थव्यवस्था के लिए विश्व बैंक का आकलन जून में अनुमानित 45.1 प्रतिशत की गिरावट से कम है। बैंक ने साथ ही उम्मीद जताई है कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था 2023 में 3.3 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि के साथ वापस लौटेगी। यह आकलन, हालांकि अत्यधिक अनिश्चित है और युद्ध के घटनाक्रम पर निर्भर करेगा।

वहीं, पश्चिमी प्रतिबंधों से प्रभावित रूस की अर्थव्यवस्था के दोनों वर्षों में सिकुड़ने की आशंका है। वर्ष 2022 में रूस की अर्थव्यवस्था में 4.5 प्रतिशत और 2023 में 3.6 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News