चीनी युद्ध पोतों, पनडुब्बियों की मदद से आधुनिक बनेगी पाकिस्तानी नौसेना : पाक नौसेना प्रमुख

Friday, Feb 05, 2021 - 11:10 PM (IST)

बीजिंग, पांच फरवरी (भाषा) पाकिस्तान अपनी नौसेना को आधुनिक बनाने और उसकी युद्धक क्षमता बढ़ाने के लक्ष्य से घनिष्ठ मित्र चीन से चार आधुनिक युद्ध पोत और आठ पनडुब्बियां खरीद रहा है। पाकिस्तान के नौसेना प्रमुख ने यह जानकारी दी।

चीन ने 29 जनवरी को पाकिस्तानी नौसेना के लिए द्वितीय टाइप 054ए/पी बहुद्देशिय नौसैनिक मिसाइल पोत पेश की। क्रूज मिसाइल से युक्त यह युद्ध पोत चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की नौसेना का मुख्य हिस्सा है और फिलहाल ऐसे 30 पोत सेवा में हैं।

चीन के नौसैनिक विशेषज्ञों के मुताबिक टाइप 054ए (जिसपर टाइप 054ए/पी आधारित है) चीन का सबसे आधुनिक युद्ध पोत है, जो आधुनिक राडार प्रणाली और लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली मिसाइलों से युक्त है।

एडमिरल एम. अमजद खान नियाजी ने चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स को बताया कि सेना के आधुनिकीकरण प्रक्रिया के तहत पाकिस्तान नौसेना अपने पुराने पोतों/उपकरणों का हटा कर मित्र देशों से नयी खरीदी कर रही है और देश में ही उनके निर्माण के लिए तकनीक का हस्तांतरण भी कर रही है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising